पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने पर खड़ा करवा दिया है...
जयपुर/चाकसू। टोंक रोड पर आज सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि हादसे में पिता व उसकी पुत्री घायल हो गए। हादसे के बाद चालक पिकअप छोडक़र भाग निकला। पुलिस ने पिकअप को जब्त कर थाने पर खड़ा करवा दिया है। हादसे के बाद टोंक रोड पर जाम लग गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने पर खड़ा करवा दिया है।
तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर
पुलिस के अनुसार डीडवाता निवासी हनुमान अपनी पत्नी सताईस वर्षीय अनिता, बेटी खुशी व दस माह की भूमिका के साथ चाकसू की तरफ जा रहा था। आज सुबह करीब दस बजे कौथून मोड़ पर तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हनुमान, अनिता, खुशी व भूमिका घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंच कर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर अनिता व भूमिका को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि हनुमान व खुशी का उपचार जारी है।
सडक़ पर खून ही खून
हादसा इतना जबर्दस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद सडक़ पर खून ही खून बिखर गया। हादसे की सूचना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना के बाद अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
इधर... अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को किया घायल
अलवर जिले के किशनगढ़ बास क्षेत्र के घाटा बम्बोरा में एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे उसकी चपेट में एक बाइक सवार आने से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां उसका इलाज जारी हैं। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि ट्रक प्लास्टिक के दाने से भरा हुआ था। जो किसी अन्य वाहन को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को सीधा करवाकर रास्ता शुरू करवा दिया है साथ ही ट्रक का जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।