जयपुर

फूटा गुस्सा, आग बबूला हो गए सांसद हनुमान बेनीवाल… बोले मुझे चार बजे जाना था दिल्ली, लेकिन…

Hanuman Beniwal News: उन्होंने जोर देकर कहा कि एयरलाइंस की इस तरह की लापरवाही से यात्रियों का कीमती समय और जरूरी काम प्रभावित होते हैं, जिसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
2 min read
Feb 12, 2026
Hanuman Beniwal
सांसद हनुमान बेनीवाल, फोटो- X हैंडल

Delhi Jaipur flight Delay: राजस्थान के दिग्गज नेता और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने एक बार फिर जनता की समस्याओं और एयरलाइंस की लापरवाही के खिलाफ आवाज बुलंद की है। गुरुवार को दिल्ली से जयपुर की यात्रा के दौरान इंडिगो (IndiGo) एयरलाइंस की कथित मनमानी को लेकर बेनीवाल ने गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने न केवल एयरलाइंस को आड़े हाथों लिया, बल्कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग भी की है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, सांसद हनुमान बेनीवाल को इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 170 से दिल्ली से जयपुर आना था। इस उड़ान का निर्धारित समय शाम 4:00 बजे था। लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि फ्लाइट अपने तय समय पर उड़ान नहीं भर सकी। बेनीवाल के अनुसार, उन्हें बताया गया कि पायलट के समय पर न पहुंचने के कारण उड़ान में देरी हुई। काफी इंतज़ार के बाद यह फ्लाइट शाम 6:03 बजे रवाना हो सकी।

"पायलट नहीं आया, यह कैसी मनमानी?"

हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि लोकसभा सत्र चलने के बावजूद एयरलाइंस की इस तरह की कार्यप्रणाली स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा... "मुझे आवश्यक कार्य से आज @IndiGo6E की उड़ान संख्या 6E 170 से नई दिल्ली से जयपुर जाना था, उड़ान भरने का समय 4 बजे का था मगर यह फ्लाइट दिल्ली से उड़ान नहीं भर पाई, क्योंकि इस फ्लाइट का पायलट नहीं आया है। लोकसभा चल रही है बावजूद इसके इंडिगो की मनमानी हावी है।" बेनीवाल ने आगे लिखा कि हाल के दिनों में इंडिगो की मनमर्जी से आम लोग काफी त्रस्त हैं। सरकार सुधार की बात तो करती है, लेकिन धरातल पर हालात वैसे के वैसे ही बने हुए हैं।

मंत्री से हस्तक्षेप की मांग

सांसद ने सीधे केंद्रीय मंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने और इंडिगो एयरलाइंस के खिलाफ मंत्रालय स्तर पर कड़ी कार्रवाई प्रस्तावित करने का आग्रह किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एयरलाइंस की इस तरह की लापरवाही से यात्रियों का कीमती समय और जरूरी काम प्रभावित होते हैं, जिसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

Updated on:
12 Feb 2026 08:07 am
Published on:
12 Feb 2026 08:07 am