
बिल्डिंग में लगी आग को बुझाने के प्रयास जारी(Photo-Patrika)
जयपुर में कालवाड़ रोड स्थित मंगलम सिटी की एक बिल्डिंग में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में वहां खड़ी गाड़ियां भी आ गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार और बाइक जलने की सूचना है। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी गई।
मंगलम सिटी में बिल्डिंग के अंदर आग लगने के बाद देखते ही देखते आग ने आसपास के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के पास खड़ी कुछ गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं। जानकारी के अनुसार लगभग 10 गाड़ियां जिसमें बाइक और कार दोनों शामिल हैं, जल गईं हैं। मौके पर स्थिति को संभालने की कोशिश की जा रही है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, बिल्डिंग में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से हुई थी। इसके बाद आग फैल गई जिसकी वजह से पार्किंग में खड़े वाहनों ने भी आग पकड़ ली। वहीं, घटना से जुड़ी अन्य जानकारी आग पर काबू पाने और मौके की स्थिति स्पष्ट होने के बाद सामने आ सकती है।
वहीं जयपुर में एक और आग की घटना की खबर सामने आई है। जेसीटीएसएल की एक चलती लॉ-फलोर बस के इंजन में अचानक आग लग गई। यह बस कालवाड़ से चांदपोल जा रही थी। इंजन से धुआं उठता देख बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित किया। इसके बाद चालक ने बस रोक दी। घटना के चलते कुछ देर के लिए मौके पर भी हड़कंप की स्थिति बन गई।
गर्मी के मौसम में तापमान बढ़ने के साथ आग लगने का खतरा भी बढ़ जाता है। तेज गर्मी में बिजली के तार, शॉर्ट सर्किट, ओवरलोडेड उपकरण और वाहनों के इंजन ज्यादा गर्म हो सकते हैं, जिससे आग लगने की आशंका बढ़ती है। वहीं, सूखी घास, कचरा और अन्य ज्वलनशील सामान भी गर्मी में आग को तेजी से फैलने में मदद करते हैं। ऐसे में गर्मियों के दौरान बिजली के उपकरणों और ज्वलनशील सामान के इस्तेमाल में अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी होता है।
Updated on:
23 Aug 2026 05:46 pm
Published on:
23 Aug 2026 03:39 pm
