
Mumbai Flight Makes Emergency Landing At Jaipur Airport : यात्रियों को लेकर जयपुर से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में बुधवार को महिला यात्री की अचानक तबीयत खराब होने के बाद सांगानेर हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। महिला की तबीयत बिगडऩे पर पायलट ने तुरंत इसकी सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल जयपुर को दी। विमान के हवाई अड्डे पर उतरते ही पहले से वहां मौजूद एंबुलेंस के जरिए महिला यात्री को तुरंत नजदीक के एक अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हवाई अड्डे के अधिकारियों के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई5226 ने बुधवार तड़के सांगानेर हवाई अड्डे से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी।
उड़ान के करीब आधा घंटे बाद रेणु जैन नामक महिला यात्री को सीने में दर्द होने लगा। विमान में मौजूद फ्लाइट अटेंडेंट ने रेणु को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन सेहत में कोई सुधार नहीं होने के चलते पायलट को इसकी सूचना दी गई। पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (Air Traffic Control Jaipur) से संपर्क कर महिला यात्री की तबीयत बिगडऩे की जानकारी दी जिसके बाद फ्लाइट के टेक ऑफ करने के 40 मिनट बाद विमान की जयपुर एयरपोर्ट (Jaipur Sanganer Airport) पर आपातकालीन लैंडिंग करवाई गई।
हवाई अड्डे पर पहले से ही मौजूद एंबुलेंस के जरिए महिला नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान यात्री ने दम तोड़ दिया। उल्लेखनीय है कि फ्लाइट ने रात 1 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन महिला यात्री की तबीयत खराब होने के कारण विमान को वापस जयपुर हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा। फ्लाइट सुबह 4.30 बजे यात्रियों को लेकर फिर से मुंबई के लिए रवाना हो गई।