www.patrika.com/rajasthan-news/
जयपुर। नागतलाई स्थित जेडीए क्वार्टर कॉलोनी के एक घर में घुसकर मां-बेटी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करने के पीछे एकतरफा प्रेम का मामला सामने आया है। आरोपी ने शादी का दबाव बनाया मगर युवती ने मना कर दिया था। इसी से आगबबूला होकर आरोपी शकील खान ने हमला किया, जिसमें युवती की मौत हो गई।
पूछताछ के बाद सोमवार को आरोपी शकील खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि रविवार को हत्या की साजिश रची और शाम 5 बजे शराब पीने के बाद चाकू लेकर खुशनसीवा के घर जा पहुंचा। वहां उसके कमरे में गया और बचने का मौका तक नहीं दिया। ताबड़तोब हमला कर दिया।
अचानक बेटी पर ताबड़तोड़ चाकू मारने लगा। बेटी की चीख सुन उसकी मां बचाने आई तो उस पर भी चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मां की चीख सुन छत से बेटा आशिफ आया। उसे भी पकड़ रहा था लेकिन वह वापस छत पर भाग गया इसलिए बच गया। हमलावर ने मां-बेटी के गले को चाकू से चीर दिया। गलतागेट थाना पुलिस ने बताया कि आशिफ की रिपोर्ट पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। हत्या की शिकार हुई 21 वर्षीय खुशनसीवा का शव सोमवार को एसएमएस अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी ने गला काटने के साथ उस पर चाकू से 7 गहरे वार किए थे।
दबाव बनाया मगर कर दिया था इनकार
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि खुशनसीवा से शकील एकतरफा प्रेम करता था। उसने शादी का दबाव बनाया लेकिन खुशनसीवा ने मना कर दिया। इससे आक्रोशित होकर उसने खुशनसीवा की हत्या कर दी। पुलिस सोमवार देर शाम तक नाले में फेंका गया चाकू बरामद करने के प्रयास में जुटी थी।
मां का एसएमएस में इलाज
उधर, खुशनसीवा की मां 45 वर्षीय अख्तरी बानो का एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसका भी गला चिर गया और चाकू से करीब 6 वार किए गए थे।