जयपुर

चांदपोल में चला निगम का बुलडोजर, छावनी बना क्षेत्र, रोका रास्ता

Nagar Nigam Jaipur: चांदपोल परकोटे के पास आज अलसुबह बुलडोजर चला। चांदपोल अनाज मंडी से लगती हुई जमीन पर सुबह हैरिटेज नगर निगम ने कार्रवाई शुरू की। करीब 300 वर्गगज जमीन पर टीनशेट लगाकर अवैध दुकान बना ली। पुलिस जाप्ते के बीच जेसीबी से अवैध दुकान को ध्वस्त कर कब्जा लिया।
1 minute read
Feb 05, 2024
चांदपोल में चला निगम का बुलडोजर, छावनी बना क्षेत्र, रोका रास्ता
चांदपोल में चला निगम का बुलडोजर, छावनी बना क्षेत्र, रोका रास्ता

जयपुर। चांदपोल परकोटे के पास आज अलसुबह बुलडोजर चला। चांदपोल अनाज मंडी से लगती हुई जमीन पर सुबह हैरिटेज नगर निगम ने कार्रवाई शुरू की। यहां करीब 300 वर्गगज जमीन पर टीनशेट लगाकर अवैध दुकान बना ली। निगम ने पुलिस जाप्ते के बीच जेसीबी से अवैध दुकान को ध्वस्त कर कब्जा लिया।

निगम अधिकारियों की मानें तो चांदपोल अनाज मंडी से लगती हुई जमीन का निगम से फर्जी पट्टा बनवा लिया गया। इसके बाद फर्जी पट्टा बनवाने वाले ने यहां टीनशेट लगाकर दुकान बनाना शुरू कर दिया। शिकायत के बाद निगम प्रशासन ने इसकी जांच की तो पट्टा फर्जी निकला। इसके बाद निगम ने पट्टा निरस्त कर दिया। आज अलसुबह निगम सतर्कता दस्ता संजय सर्किल पुलिस थाने, नाहरगढ़ पुलिस थाने के भारी जाप्ते के बीच कार्रवाई करने पहुंचा। पुलिस जाप्ते को देख अधिक विरोध नहीं हुआ। निगम ने जेसीबी से अवैध निर्माण व अतिक्रमण को ध्वस्त कर जमीन पर कब्जा ले लिया।

करोड़ों की जमीन
निगम अफसरों की मानें तो जिस जमीन का निगम प्रशासन ने पट्टा जारी किया, वह करोड़ों की बताई जा रही है। चांदपोल बाजार से निकलते ही सब्जी मंडी के पास यह जमीन है। करीब 300 वर्गगज के आसपास की इस जमीन की कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है।

रास्ता रोक की कार्रवाई
निगम दस्ते ने चांदपोल से सीकर हाउस की ओर जाने वाले रास्ते को रोककर कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई शुरू होने से पहले करीब 7.30 बजे रास्ता बंद कर लोगों का आवागमन बंद किया गया। इसके बाद अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया।

निगम संपत्ति का लगाया बोर्ड
निगम दस्ते ने करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई के बाद अतिक्रमण हटाकर जमीन पर निगम संपत्ति का बोर्ड लगा दिया है।

Published on:
05 Feb 2024 10:58 am