
गदग. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजस्थान जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ के तत्वावधान में शनिवार को पाश्र्वनाथ जैन मंदिर परिसर में श्रद्धा, आध्यात्मिकता और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। आयोजन साध्वी हर्षपूर्णा, साध्वी प्रियनंदिता, साध्वी विनयप्रभा, साध्वी गीतार्थप्रभा एवं साध्वी सिद्धार्थप्रभा के सानिध्य में संपन्न हुआ। समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की। मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण के साथ देशभक्ति का उत्साह भी दिखाई दिया। ‘वंदे मातरम’ और ‘जय हिंद’ के उद्घोष से पूरा परिसर गूंज उठा। साध्वीवृंद ने कहा कि बाहरी स्वतंत्रता के साथ मनुष्य को क्रोध, अहंकार, लोभ और मोह जैसे आंतरिक विकारों से भी मुक्ति का प्रयास करना चाहिए। राष्ट्र के प्रति कर्तव्य, समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानवता की सेवा को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर ट्रस्टी दलिचंद कवाड़, निर्भयलाल हुंडिया, जवाहरलाल बांदा, गौतमचंद कवाड़, जीतेन्द्र शाह, अध्यक्ष इंदरकुमार बाफना, मदनलाल ओसवाल, विनोद फोलामुथा, सचिन पोरवाल, निर्मल पारेख, मुकेश गादिया, राजेंद्र कोठारी, अरविंद भंसाली, पंकज भंसाली और बाबूलाल खिवेसरा सहित महेंद्र बांदा तथा बड़ी संख्या में संघ सदस्य उपस्थित रहे।