जयपुर

सिद्धू के पाकिस्तान जाने पर शुरू हुई बयानबाजी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने किया हमला, देखें वीडियो

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
• •
Updated: 18 Aug 2018, 6:51 PM IST
jaipur
सिद्धू के पाकिस्तान जाने पर शुरू हुई बयानबाजी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने किया हमला, देखें वीडियो

शादाब अहमद / जयपुर। पाकिस्तान में इमरान खान के प्रधानमंत्री बनने के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के वहां के आर्मी चीफ से गले मिलने की भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने निंदा की। उन्होंने कहा कि ऐसा कर सिद्धू ने खुद और देश की प्रतिष्ठा को गिराया है। वर्तमान में पाकिस्तान के साथ भारत के कटु नहीं तो अच्छे संबंध भी नहीं है। सिद्धू की यह हरकत कांग्रेस की नीतियों का खुलासा करता है और कांग्रेस का पाकिस्तान के प्रति नजरिया लचीला है।


सैनी ने यह बात शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहीं। वहीं चुनाव पूर्व राजनीतिक कार्यक्रमों में सरकारी खर्च के मुद्दा बनने और हाइकोर्ट द्वारा भाजपा से जवाब मांगने के बीच भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कहा कि राजस्थान गौरव यात्रा शुद्ध रूप से पार्टी का कार्यक्रम है। हालांकि इस दौरान होने वाले उद्घाटन-शिलान्यास के कार्यक्रम सरकारी खर्च पर हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गौरव यात्रा का मसला हाइकोर्ट में गया है। कोर्ट ने जो भी जानकारी मांगी है, वो दी जाएगी। यात्रा के दौरान कुछ योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम भी हो रहे हैं। यह सरकारी कार्यक्रम है, जिनमें पार्टी के झंडे-बैनर का उपयोग नहीं किया जा रहा है। जबकि यात्रा पार्टी का कार्यक्रम है। इसमें चल रहे वाहन समेत अन्य सभी खर्च पार्टी उठा रही है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के चलते यात्रा का धौलपुर कार्यक्रम भी फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यात्रा का अगला चरण अब 24 अगस्त को जोधपुर से शुरू होगा।

जनहित में किए आंदोलन के मुकदमें ले रहे वापस
अप्रेल में भारत बंद के दौरान लगाए गए मुकदमों को वापस लेने के मामले में सैनी ने कहा कि व्यापक जनहित में किए आंदोलन के कारण मुकदमें वापस लिए जाते रहे हैं। जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक की अनुकूल रिपोर्ट के बाद ही मुकदमें वापस लिए जाते हैं। गुर्जर आंदोलन मामले में उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों को लेकर संवेदनशील है।

Published on: