Navneet Gautam: Jaipur Police lodged FIR International Player: अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी नवनीत गौतम के खिलाफ जयपुर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। नवनीत पर जन्म तारीखों में हेरफेर करके फायदा उठाने का आरोप है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले पर तफ्तीश शुरू कर दी है। नवनीत भारतीय कबड्डी टीम और जयपुर पिंक पैंथर्स टीम के कप्तान रह चुके हैं।
जयपुर।
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी नवनीत गौतम ( kabaddi playerNavneet Gautam ) के खिलाफ जयपुर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। नवनीत पर जन्म तारीखों में हेरफेर करके फायदा उठाने का आरोप है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले पर तफ्तीश शुरू कर दी है। नवनीत भारतीय कबड्डी टीम और जयपुर पिंक पैंथर्स टीम के कप्तान रह चुके हैं। वे अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित हैं।
कोच ने ही करवाई 'शिष्य' पर FIR
ज्योतिनगर थाने में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला कोच हीरानंद कटारिया ने दर्ज कराया गया है।इस्तगासे के जरिए भेजी गई शिकायत में खिलाड़ी पर जन्म तारीखों में हेरफेर कर फायदा उठाने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार इस्तगासे से दर्ज शिकायत में कोच हीरानंद ने आरोप लगाया है कि कबड्डी खिलाड़ी नवनीत गौतम ने दस्तावेज में हेरफेर कर जन्म तारीख और पता बदल लिया। इससे खेलों में फायदा उठाकर सरकार से लाखों रुपए हासिल किए।
शिकायत में आरोप है कि चीन और दक्षिण कोरिया के एशियाई गेम्स में करीब 50 लाख रुपए अर्जित किए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि दोनों के बीच पहले से विवाद है और एक-दूसरे के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले दर्ज करा रहे हैं।
इससे पहले न्यायालय अपर मुख्य मजिस्ट्रेट क्रम-8 ने ज्योति नगर थाना इंचार्ज को नवनीत गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। ये आदेश उनके कोच रहे हीरानंद कटारिया की अपील पर दिए गए।
जानकारी के अनुसार नवनीत के खिलाफ धारा 156 (3) के तहत मुकदमा दर्ज़ किया गया है। बताया गया है कि नवनीत गौतम के अलावा उनके पिता गोविंद नारायण को भी आरोपी बनाया गया है। इसमें आरोप लगाया है कि फर्जी कागजात से अलग-अलग जन्म तारीख की जानकारी देते हुए पूर्व भारतीय कप्तान ने एक ही टूर्नामेंट के लिए दो पुरस्कार राशि अर्जित की है।