जयपुर

Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में इस दिन से होगा सर्दी का पलटवार, दो ​जिलों में 3 दिन तक शीतलहर का अलर्ट

Cold Weather Alert in Rajasthan: राजस्थान के सीकर और झुंझुनूं में अगले दो तीन दिन शीतलहर का दौर जारी रहने वाला है। जबकि राजस्थान के शेष भागों में मौसम मिजाज शुष्क रहने के आसार हैं। फिलहाल राज्य में सुबह शाम में मौसम ठंडा रहा है, वहीं वीकेंड से मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव होने […]

2 min read
Nov 12, 2025
वीकेंड पर मौसम में बड़े बदलाव का अलर्ट, पत्रिका फोटो

Cold Weather Alert in Rajasthan: राजस्थान के सीकर और झुंझुनूं में अगले दो तीन दिन शीतलहर का दौर जारी रहने वाला है। जबकि राजस्थान के शेष भागों में मौसम मिजाज शुष्क रहने के आसार हैं। फिलहाल राज्य में सुबह शाम में मौसम ठंडा रहा है, वहीं वीकेंड से मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह से पहाड़ों से आने वाली उत्तरी सर्द हवा की दस्तक प्रदेश के मैदानी भागों में होने के संकेत दिए हैं। वीकेंड तक हिमालय तराई वाले इलाके और आसपास के क्षेत्रों में भारी बर्फबारी भी होने की आशंका है। ऐसे में उत्तरी हवाएं तेज गति से चलने पर राजस्थान में ठिठुरन वाली सर्दी का असर जल्द ही बढ़ने वाला है। मौसम विभाग ने सीकर और झुंझुनूं में 15 नवंबर तक शीतलहर चलने का यलो अलर्ट भी जारी किया है।

ये भी पढ़ें

Heavy Rain के बाद अब ठिठुरने को हो जाएं तैयार, La Nina के कारण मैदानी इलाके में पारा माइनस में जा सकता है

विंड पैटर्न में बदलाव से गिरेगा पारा

राजस्थान के अधिकांश शहरों में अभी अभी दिन का तापमान सामान्य या उससे अधिक दर्ज हो रहा है। धीमी रफ्तार से दिन के तापमान में गिरावट हो रही है। दक्षिण पश्चिमी दिशा से राजस्थान में आ रही शुष्क हवाओं के कारण सर्दी की बढ़ती रफ्तार अभी धीमी है। बीती रात 10 शहरों में रात के तापमान में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा है लेकिन दिन में शुष्क मौसम रहने से सुबह शाम में ही सर्दी का असर सीमित है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले दो तीन दिन बाद राजस्थान के विंड पैटर्न में बदलाव होने की उम्मीद है। जिसके असर से उत्तर पूर्वी हवाएं प्रदेश में चलने पर सर्दी का जोर भी बढ़ने की उम्मीद है। मौसम में बदलाव होने पर प्रदेश के उत्तर पूर्वी भाग, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ समेत आसपास के क्षेत्र में घना कोहरा छाने की आशंका है। सीकर और झुंझुनूं में 15 नवंबर तक शीतलहर चलने की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है।

उत्तरी राज्यों की बर्फबारी बढ़ाएगी ठिठुरन

जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत हिमालय के तराई वाले इलाकों में अगले तीन चार दिनों में अवदाब क्षेत्र बनने और तेज रफ्तार से उत्तर पूर्वी हवाएं चलने पर भारी बर्फबारी शुरू होने की संभावना मौसम विभाग जता रहा है। उत्तरी राज्यों में बर्फबारी का असर राजस्थान के मैदानी इलाकों में भी पड़ने की आशंका है। माना जा रहा है कि नवंबर माह के दूसरे पखवाड़े में सर्दी के तेवर और ज्यादा तीखे होने की संभावना है।

दस जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से कम

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के कई शहरों में अब भी रात के तापमान में उतार चढ़ाव बना हुआ है। बीती रात 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज हुआ। बीती रात सिरोही 7.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे सर्द जिला रहा। नागौर में में भी रात का तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर 8.3, फतेहपुर 8.8, करौली 9.6, दौसा 8.8 अलवर 9.2, वनस्थली 9.4, अंता बारां 9.3 और लूणकरणसर में 9.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। जयपुर में आज न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा।

Published on:
12 Nov 2025 01:39 pm
Also Read
View All

अगली खबर