सुबह 11 बजे पीसीसी मुख्यालय में शुरू होगी बैठक, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा भी होंगे बैठक में शामिल, बैठक के बाद अपने अपने प्रभार वाले जिलों में पहुंचेंगे डीआरओ
जयपुर। प्रदेश में कांग्रेस मेंबरशिप अभियान समाप्त होने के बाद अब संगठन चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। ब्लॉक और जिला लेवल पर संगठन चुनाव संपन्न कराने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश के 33 जिलों में नियुक्त किए गए जिला निर्वाचन अधिकारी (डीआरओ) और कांग्रेस जिलाध्यक्षों के साथ पीसीसी मुख्यालय में संगठन चुनाव को लेकर महामंथन बैठक होगी।
जिलाध्यक्षों और जिला निर्वाचन अधिकारियों की बैठक लेने के लिए प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी पूर्व सांसद संजय निरुपम देर रात जयपुर पहुंच चुके हैं, जहां आज भी सुबह 11 बजे पीसीसी मुख्यालय में होने वाली बैठक में जिलाध्यक्षों और डीआरओ के साथ संगठन चुनाव पर चर्चा करेंगे। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासराभी शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश के संगठन चुनाव के सह प्रभारी भी इस बैठक में शामिल होंगे।
जिलाध्यक्षों और डीआरओ के बीच तालमेल के लिए बुलाई बैठक
सूत्रों की माने तो जिला और ब्लॉक लेवल पर संगठन चुनाव संपन्न कराने के लिए नियुक्त किए गए जिला निर्वाचन अधिकारी (डीआरओ) और कांग्रेस जिलाध्यक्षों के बीच संगठन चुनाव के दौरान तालमेल बनाने और आपस में परिचय कराने को लेकर बैठक बुलाई गई है। साथ ही बैठक में संगठन चुनाव के मद्देनजर मतदाता सूचियां तैयार करने और चुनाव लड़ने वाले नेताओं की सूची तैयार करने के भी निर्देश दिए जाएंगे।
सबसे पहले ब्लॉक अध्यक्ष और पीसीसी मेंबर के होंगे चुनाव
दरअसल संगठन चुनाव के मद्देनजर सबसे पहले ब्लॉक अध्यक्षों और पीसीसी मेंबर के चुनाव संपन्न कराए जाएंगे और उसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी, प्रदेश अध्यक्ष और एआईसीसी मेंबर के चुनाव संपन्न कराए जाएंगे और उसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। बताया जाता है कि बैठक के बाद तमाम जिला निर्वाचन अधिकारी अपने अपने प्रभार वाले जिलों में जाकर संगठन चुनाव की गतिविधियां शुरू कर देंगे।
अलग-अलग राज्यों से प्रदेश में बनाए गए हैं डीआरओ
दरअसल प्रदेश में जिला और ब्लॉक लेवल पर चुनाव संपन्न कराने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण की ओर से अन्य प्रदेश के कांग्रेस नेताओं को राजस्थान के 33 जिलों में डीआरओ लगाया गया है।
वहीं दूसरी ओर जिला निर्वाचन अधिकारियों की सहायता के लिए प्रदेश कांग्रेस की ओर से भी जल्द 400 ब्लॉक निर्वाचन अधिकारी (बीआरओ) की नियुक्तियां की जाएंगी। ब्लॉक निर्वाचन अधिकारी ब्लॉक लेवल पर संगठन चुनाव संपन्न कराएंगे। माना जा रहा है कि कांग्रेस चिंतन शिविर समाप्त होने के बाद ब्लॉक निर्वाचन अधिकारियों की सूची जारी कर दी जाएगी।