जयपुर

राजस्थान की इन 5 विधानसभा और एक राज्यसभा सीट पर उप चुनाव के लिए अधिसूचना जारी

Rajasthan Assembly By-election : राजस्थान में विधानसभा की 5 सीट और राज्यसभा की 1 सीट रिक्त हो गई है। इसको लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी।

2 min read
Jun 19, 2024

Rajasthan Assembly By-election : प्रदेश में विधानसभा की 5 सीट और राज्यसभा की 1 सीट रिक्त हो गई है। इसको लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी। प्रदेश में पांच विधायकों ने सांसद चुने जाने के बाद विधायक पद से इस्तीफे दे दिए हैं। वहीं कांग्रेस के के.सी. वेणुगोपाल ने सांसद का चुनाव जीतने के बाद राज्यसभा की सीट से इस्तीफा दे दिया है। वे राजस्थान कोटे से राज्यसभा सांसद बने थे।

दौसा से कांग्रेस विधायक मुरारीलाल मीणा, झुंझुंनूं से बृजेन्द्र ओला, देवली-उनियारा से हरीश मीणा, चौरासी से बीएपी के राजकुमार रोत और खींवसर से आरएलपी विधायक हनुमान बेनीवाल हाल ही में लोकसभा चुनाव जीते हैं। उन्होंने सांसद चुने जाने के बाद विधायक पद से इस्तीफे दे दिए हैं। वे अब सांसद बने रहेंगे। चार विधायकों ने पहले इस्तीफे दे दिए थे। हनुमान बेनीवाल ने मंगलवार को इस्तीफा दिया।

उधर, कांग्रेस के के.सी. वेणुगोपाल अलप्पुझा सीट से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा सांसद चुने गए हैं। इसके चलते उन्होंने भी राज्यसभा सीट से इस्तीफा दे दिया है। अब प्रदेश में जल्द ही पांच विधानसभा सीटों और राज्यसभा की एक सीट पर उप चुनाव होंगे।

विधायकों के इस्तीफे के बाद विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सूचना निर्वाचन आयोग को भेजी थी। इसके बाद पांचों विधानसभाओं को रिक्त होने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। राज्य विधानसभा में अब विधायकों की संख्या 195 रह गई है। अब राज्य में आरएलपी का कोई विधायक नहीं है। कांग्रेस के विधायकों की संख्या घटकर 66 रह गई है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के 70 विधायक जीत कर आए थे। महेन्द्रजीत सिंह मालवीया के इस्तीफे से एक सीट पहले रिक्त हो गई। इस सीट पर उपचुनाव हुआ, उसमें कांग्रेस को हार मिली। तीन कांग्रेस के विधायक सांसद बन गए। ऐसे में उनकी सीटें सदन में अब 66 पर आ गई है।

सदन में पार्टी वार विधायकों की स्थिति

भाजपा- 115
कांग्रेस- 66
निर्दलीय- 8
बीएपी- 3
बसपा- 2
आरएलडी- 1
रिक्त- 5

Also Read
View All

अगली खबर