जयपुर

Jaipur News: शहरी सरकार की रोजाना बदल रही तस्वीर, अब उप महापौर पद पर गरमाई सियासत

Jaipur Heritage Politics: जयपुर हेरिटेज निगम में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम में रोजाना नई तस्वीर सामने आ रही है।

2 min read
Sep 26, 2024

जयपुर। हेरिटेज निगम में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम में रोजाना नई तस्वीर सामने आ रही है। सरकार ने एक दिन पहले ही कुसुम यादव की कार्यवाहक महापौर नियुक्त किया। लेकिन अब उप महापौर बनने का सपना देखने वालों के लिए भी राह आसान नजर नहीं आ रही है। कांग्रेस के 7 और एक निर्दलीय पार्षद के भाजपा को समर्थन पत्र सौंपने का मामला हैरिटेज निगम के गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

भाजपा भले ही महापौर चुनाव की स्थिति में इन पार्षदों को लेकर बहुमत मान रही हो, लेकिन इन पार्षदों के भाजपा में शामिल नहीं करने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उप महापौर को भी सीधे पद से नहीं हटाया जा सकता है। यह पद तब ही रिक्त हो सकता है, जब वह इस्तीफा दे या उनको बर्खास्त किया जाए या फिर बोर्ड की बैठक में अविश्वास प्रस्ताव लाया जाए।

भाजपा को समर्थन पत्र सौंपने वाले पार्षद किस विधानसभा क्षेत्र से

सिविल लाइंसः मनोज मुद्गल उत्तम शर्मा, ज्योति बौहान
किशनपोलः अरविंद मेठी, सुशीला देवी व मो. जकारिया
आदर्श नगरः पारस जैन व संतोष कंवर

ये आएगी अड़चन

स्वायत्त शासन विभाग ने मुनेश गुर्जर को महापौर पद व पार्षद पद से निलंबित किया है। अभी बर्खास्त नहीं किया है। जब तक मुनेश गुर्जर को महापौर व पार्षद पद से बर्खास्त नहीं कर दिया जाता, तब तक महापौर चुनाव नहीं हो सकता।

इनका कहना

राजस्थान नगर पालिका अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत कोई भी पद जब तक खाली नहीं माना जाएगा, तब तक कि उस पद पर बैठा व्यक्ति इस्तीफा दे या उसके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हो जाए। धारा 39 के तहत अयोग्य घोषित कर बर्खास्त करने पर भी पद रिक्त माना जाता है।
-अशोक सिंह, पूर्व विधि निदेशक, स्वायत्त शासन विभाग

Also Read
View All

अगली खबर