जयपुर

छात्रसंघ चुनाव में हिंसा, देर रात विवि परिसर में NSUI प्रत्याशी और प्रदेशाध्यक्ष पर जानलेवा हमला

www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
• •
Updated: 30 Aug 2018, 7:54 AM IST
jaipur
rajasthan university campus attack student leader ranveer singhaniya

जयपुर। छात्रसंघ चुनाव का बुधवार को प्रचार थमते-थमते रात को हिंसा में बदल गया। रात करीब 12.30 बजे प्रचार कर लौट रहे एनएसयूआइ प्रत्याशी और प्रदेशाध्यक्ष पर विवि परिसर में घात लगाए बैठे करीब एक दर्जन हमलावरों ने डंडों से जानलेवा हमल कर दिया। जिसमें प्रत्याशी रणवीर सिंघानिया गंभीर घायल हो गए, जिनका एसएमएस अस्पताल में उपचार चल रहा है।

घटना के तुरंत बाद अस्पताल में डीसीपी पूर्व गौरव यादव सहित कई आलाधिकारी पहुंच गए। साथ ही पुलिस ने विश्वविद्यालय परिसर और कॉलेजों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। डीसीपी पूर्व गौरव यादव ने बताया कि प्रत्याशी रणवीर सिंह सिंघानिया और अभिमन्यू पुनिया विश्वविद्यालय से अरावली हॉस्टल की तरफ जा रहे थे, तभी स्वामी विवेकानंद की मूर्ति के पीछे घात लगाए बैठे कुछ हमलावरों ने हमला बोल दिया। जिसमें रणवीर के सिर में गंभीर चोट आई है।

इधर घटना का पता चलते ही अस्पताल में सैकड़ों समर्थक पहुंच गए। अस्पताल में मौजूद छात्रों का कहना है कि रणवीर को सुबह से ही धमकियां मिल रही थी। पुलिस ने इन्हीं धमकियों को आधार मानते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस दल रात में ही हमलावरों की तलाश में विश्वविद्यालय में पहुंच गया। देर रात तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

-विश्विद्यालय के अरावली हॉस्टल की घटना है। यहीं दोनों पर पीछे से हमला होने की जानकारी है। जिसने भी यह हमला किया है, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। अभी तो दोनों होश में नहीं है। होश में आने के बाद ही पता चल पाएगा कि कौन इसमें शामिल है। अभी किसी का नाम लेना जल्दबाजी होगा। लेकिन जो भी हो, उसे सामने लाएंगे।
-नीरज कुंदन, प्रदेश प्रभारी, एनएसयूआइ

-हमले की जानकारी मिलते ही अस्पताल आ गए। जिसने भी यह हरकत की है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए संघर्ष करेंगे। दोनों होश में नहीं है। लेकिन राजनीति में इस तरह की घटना निंदनीय है।
-धरम सिंह सिंघानिया, पार्षद

थमा प्रचार, मतदान कल

जोधपुर संभाग को छोड़कर प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में बुधवार को छात्रसंघ चुनाव प्रचार थम गया। अब गुरुवार को विद्यार्थियों के घर—घर जाकर मान—मनुहार का दौर चलेगा। शुक्रवार को मतदान होगा और 11 सितंबर को परिणाम जारी होगा। इससे पहले चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी। राजधानी में तो शाम होते—होते एबीवीपी और एनएसयूआइ के प्रत्याशी कार्यकर्ताओं के साथ राजस्थान विश्वविद्यालय पहुंच गए और एक—दूसरे के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

Updated on:
30 Aug 2018, 7:54 AM IST
Published on: