
जयपुर। बुजुर्गों में कोरोना वायरस ज्यादा फैलने की आशंका को देखते हुए नगरीय विकास विभाग ने 58 साल से ज्यादा उग्र वाले सफाई कर्मचारियों को फील्ड से हटाने का फैसला किया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि कोरोना वायरस अधिक उम्र के लोगों पर जल्दी असर करता है। इसेे देखते हुए 58 वर्ष से इससे अधिक आयु के सफाई कर्मचारियों को फील्ड ड्यूटी से हटाकर दूसरे कार्यों में लगाया जाएगा। स्थानीय निकाय निदेशालय ने इस बारे में सभी नगरीय निकायों को आदेश जारी कर दिए हैं।
कल छिड़की 1,35,987 लीटर दवा
नगरीय विकास विभाग के निर्देशों के बाद प्रदेश के लगभग 190 नगरीय निकायों में अब तक 2,38,455 लीटर सोडियम हाईपोक्लोराइट का छिड़काव किया जा चुका है। इसमें से 1,35,987 लीटर सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव शुक्रवार को एक ही दिन में किया गया। निकायों में आज भी सेनेटाइजेशन प्रक्रिया जारी रहेगी। नगरीय निकायों को प्राथमिकता के आधार पर सेनेटाइजेशन करने को कहा गया है।
जयपुर नगर निगम के पास 15 दिन का स्टॉक
जयपुर नगर निगम शहर में सेनेटाइजेशन करवा रहा है। नगर निगम की छोटी मशीनों के साथ—साथ प्रत्येक जोन में 2—2 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी सोडियम हाइपोक्लोराइट दवा का छिड़काव कर रही हैं। निगम की टीमें सोडियम हाइपोक्लोराइट 1 प्रतिशत, 5 प्रतिशत और 10 प्रतिशत क्षमता वाले सॉल्यूशन के साथ पानी मिलाकर रोजाना लगभग 1 लाख 90 हजार लीटर संक्रमण नाशक लिक्विड का छिड़काव कर रही है। निगम के पास करीबन 30 हजार लीटर सोडियम हाइपोक्लोराइट सॉल्यूशन का स्टॉक मौजूद है। आज सुबह से मौसम साफ है और नगर निगम की टीमों ने दवा का छिड़काव शुरू कर दिया है।
सफाई कर्मचारी लगाएंगे मास्क
प्रदेश में करीबन 10 हजार कर्मचारियों को मास्क और सेनेटाइजर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। निगम प्रत्येक कर्मचारी को मास्क और 180 एमएल सेनेटाइजर उपलब्ध करवा रहा है। नगरीय विकास विभाग जयपुर समेत सभी निकायों के सफाई कर्मचारियों, जमादारों, स्वास्थ्य निरीक्षकों को मास्क, सेनेटाइजर, साबुन और दस्ताने खरीदने के लिए एक 1000 रूपए नकद राशि उपलब्ध करवा रहा है। इस राशि से सफाई अभियान में लगे कर्मचारी खुद मास्क और सेनेटाइजर खरीद सकेंगे।