
गोली लगने से एक जने की मौत हो गई व एक जना घायल
जयपुर
एक लड़की के चक्कर में श्रीगंगानगर के मोहरसिंह चौक में कोहराम मच गया। मोहरसिंह चौक व चहल चौक के कुछ युवकों के बीच किसी लडक़ी को लेकर दो-तीन दिन पहले झगड़ा हो गया था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के युवक मोहर सिंह चौक पर गए थे। जहां दोनों के बीच फायर हो गए, गोली लगने से एक जने की मौत हो गई व एक जना घायल हो गया। फायरिंग के बाद लोगों ने कार पर पथराव कर दिया, जिसके चलते कार सवार युवक वहां से फरार हो गए।
कार में कट्टा, कारतूस व गंडासी मिली
पुलिस को कार में कट्टा, कारतूस व गंडासी मिली है। घटना के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। तनाव की स्थिति को देखते हुए मोहर सिंह चौक व राजकीय चिकित्सालय में पुलिस तैनात कर दी गई है। फायर किसकी तरफ हुए हैं। इसका पता लगाया जा रहा है।
युवक को कमर में गोली लगी
पुलिस ने बताया कि झगड़े के दौरान राजकीय चिकित्सालय के सामने स्थित चौधरी कॉलोनी आयुश (22) पुत्र संजय सहारण व मोहर सिंह चौक पुरानी आबादी निवासी सुनील (23) पुत्र गुलाब राईका घायल हो गए। घायलों को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां से गोली लगने से घायल हुए आयुश को गंभीर हालत में रैफर कर दिया गया, एक निजी अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। आयुश को कमर में गोली लगी थी, घायल सुनील राईका का राजकीय चिकित्सालय में इलाज चल रहा है।
कार व बाइक जब्त
घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, सीओ सिटी तुलसीदास पुरोहित, पुरानी आबादी थाना प्रभारी कुलदीप वालिया सहित अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर मिली कार व बाइक को जब्त कर लिया है। मोहर सिंह चौक व राजकीय चिकित्सालय में पुलिस तैनात कर दी गई है। कई पुलिस अधिकारी देर रात तक अस्पताल में मौजूद थे।
अस्पताल में लगी भीड़
आयुश की मौत के बाद राजकीय चिकित्सालय में काफी संख्या में लोग जमा हो गए, देर रात तक भीड़ बढ़ती गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर मिली कार के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। कार कौन लेकर वहां गया और कार में सवार कौन-कौन लोग थे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालने का प्रयास शुरू किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों को चिह्नित कर उनके मोबाइल लोकेशन भी खंगाली जा रही है।
सवालों में पुलिस की सतर्कता
पुलिस का सख्त पहरे के बीच धनतेरस के दिन हुई इस वारदात के कारण शहर में हड़कंप मच गया। मोहरसिंह चौक पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। विदित रहे कि चुनाव व त्योहार के चलते पुलिस की ओर से शहर में सघन नाकाबंदी का दावा किया जाता है, लेकिन ताजा घटनाक्रम ने इस पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
------------
झगड़े के दौरान गोलियां चलने से एक युवक की मौत हो गई, एक युवक घायल हुआ है। फायरिंग किसकी तरफ से की गई है, यह अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
योगेश यादव, पुलिस अधीक्षक, श्रीगंगानगर