https://www.patrika.com/rajasthan-news/
जयपुर.
बड़ी चौपड स्थित सराफा दुकानों में मंगलवार को बारिश का पानी घुस गया। पानी घुसने से दुकानों के अंदर रखा सामाान खराब हो गया। सुबह जैसे ही व्यापारी आए और दुकानें खोली तो पानी देख बौखला गए। सर्राफा संघ व्यापारियों ने मेट्रो और स्मार्ट कार्यों का विरोध करते ह़ुए दुकानें बंद कर दी और प्रदर्शन किया। बाद में व्यापारी माणक चौक थाने पहुंचे। यहां पर व्यापारियों ने विरोध जताया।
पानी दुकानों के अंदर 15-20 फीट अंदर तक
थाने में मेट्रो अधिकारियों और व्यापारियों की वार्ता हुई, जिसमें चार महीने में स्थाई समाधान और फिलहाल अस्थाई समाधान का आश्वासन दिया। सराफा संघ बड़ी चौपड अध्यक्ष कैलाश नागोरी ने बताया कि मेट्रो कार्य के चलते बीसलपुर की पाइप लाइन को दुकानों के फुटपाथों के ऊपर से निकाला जा रहा है। दुकानों के पास से निकल रही मेंहदी की चौक की गली के रास्ते को ढलान बना दिया गया। जिससे बरामदे के पानी निकासी की जगह नहीं बची। ऊपर नालियों से पानी बरामदे में आ गया। बारिश के पानी को निकलने की जगह नहीं मिली। ऐसे में यह पानी दुकानों के अंदर 15-20 फीट अंदर तक घुस गया।
कर्मचारी नियुक्त करने के निर्देश
महामंत्री अश्विनी तिवाड़ी ने बताया कि मेट्रो अधिकारियों को अवगत कराया गया था। लेकिन व्यापारियों के हित में सुनवाई नहीं की गई। व्यापरियों का कहना है कि इधर स्मार्ट सिटी के तहत किए जा रहे कार्यों के मलबे को बरामदों की छतों पर डाला जा रहा है। इससे बारिश कै पानी को जगह नहीे मिलती और नालियों के जरिए बरामदों मेें आ रहा है। फिलहाल मेट्रो अधिकारियों ने रामगंज बाजार के सभी बरामदे साफ करने व मेंहंदी का चौक गली में पानी भरने से रोकने के लिए जेट मशीन संचालन के लिए कर्मचारी नियुक्त करने के निर्देश दिए।