जयपुर

Rajasthan Expressway: जानलेवा साबित हो रहा राजस्थान का यह एक्सप्रेस-वे, 20 से ज्यादा हादसे, 11 की मौके पर मौत

Bharatmala Expressway: जालोर में भारतमाला एक्सप्रेस-वे तेज रफ्तार के साथ अब खतरे का कॉरिडोर बनता जा रहा है। पिछले 100 दिनों में जीवाणा से सांचौर के बीच 20 बड़े हादसों में 11 लोगों की मौत और 30 घायल होने से सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं।
2 min read
Feb 23, 2026
Bharatmala Expressway, Bharatmala Expressway in Jalore, Bharatmala Expressway in Rajasthan, Bharatmala Expressway accident, Jalore news, Rajasthan news, भारतमाला एक्सप्रेस-वे, भारतमाला एक्सप्रेस-वे इन जालोर, भारतमाला एक्सप्रेस-वे इन राजस्थान, भारतमाला एक्सप्रेस-वे एक्सीडेंट, जालोर न्यूज, राजस्थान न्यूज
भारतमाला एक्सप्रेस-वे। फोटो- पत्रिका

जालोर। सुगम सफर का कॉरिडोर माना जाने वाला भारतमाला एक्सप्रेस-वे वर्तमान में जानलेवा साबित हो रहा है। पिछले 100 दिनों की बात करें तो जीवाणा से सांचौर के बीच ही इस एक्सप्रेस-वे पर 20 के करीब बड़े हादसे हो चुके हैं, जिनमें मृतकों की संख्या 11 है, जबकि 30 लोग घायल हुए हैं। ऐसे में यह सवाल अहम है कि ट्रैफिक रिलीफ कॉरिडोर के रूप में बने इस प्रोजेक्ट में लगातार हादसे क्यों हो रहे हैं। प्रारंभिक स्तर पर इन हादसों में यह तथ्य सामने आया कि सुरक्षा मानकों की कमी, वाहन चालकों की ओर से यातायात नियमों का उल्लंघन और ओवरस्पीड इन सभी हादसों के लिए जिम्मेदार रहे।

इस तरह के हालात, जो दे रहे हादसे को न्योता

भारतमाला एक्सप्रेस-वे में सांचौर से जीवाणा के बीच 20 से अधिक स्पॉट ऐसे हैं, जहां मनमर्जी से भारी वाहनों की पार्किंग होती है। इसी तरह कुछ अहम जगहों पर डायवर्जन भी हादसों के स्पॉट बन रहे हैं। ज्यादातर हादसे उस समय हुए, जब यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया। ओवरस्पीड और रॉन्ग साइड में वाहन संचालन इसका प्रमुख कारण रहा।

ये हादसे, जिनसे सबक लेने की जरूरत

रॉन्ग साइड से एसयूवी ने कार को मारी टक्कर
28 अक्टूबर 2025 को भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर सांचौर के बाद यह हादसा हुआ। रॉन्ग साइड से एसयूवी ने कार को टक्कर मारी। मूल रूप से जसोल निवासी और सूरत में व्यापारी दंपती और उनकी पुत्री की मौत हो गई।

कार से बाइक चालक को टक्कर मारी
30 अक्टूबर 2025 को रॉन्ग साइड से आ रही गाड़ी ने बाइक चालक को चपेट में ले लिया, जिससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

रॉन्ग साइड में चल रहे युवकों को ट्रक ने कुचला
5 नवंबर 2025 को रॉन्ग साइड में चल रहे बाइकर्स को ट्रक ने टक्कर मारी। देवड़ा गांव के पास हुए इस हादसे में 2 युवकों की मौत हुई, जबकि दो घायल हुए।

रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक चालक को कुचला
14 नवंबर 2025 को भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर आलवाड़ा-खेतलावास सरहद में गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया, जिसमें एक युवक की मौत हुई।

रेलिंग से टकराई कार, चालक की मौत
19 नवंबर 2025 को बागोड़ा क्षेत्र के गांवड़ी गांव के पास देर रात भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर हादसा हुआ। रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे 6 दोस्तों की कार हाईवे पर लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई, जिसमें चालक की मौत हो गई।

कार की टक्कर से दो भाइयों की मौत
19 फरवरी 2026 को बागोड़ा टोल प्लाजा से चार किमी दूर धुंबड़िया नदी पर कार ने बाइक चालक को चपेट में ले लिया। हादसे में रूपा की ढाणी भालनी निवासी दो भाइयों की मौत हो गई।

बालोतरा की युवती की मौत
21 फरवरी 2026 को मुंबई से बालोतरा जा रहे परिवार की कार का अगला टायर देवड़ा टोल प्लाजा के पास फट गया। डिवाइडर से कार टकराने के दौरान युवती की मौत हो गई।

यह वीडियो भी देखें

इन्होंने कहा

भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर कई स्थानों पर मनमर्जी की पार्किंग की जा रही है। हमने इस तरह के मामलों में पुलिस और प्रशासन से कार्रवाई के लिए अनुरोध किया है।

  • हरमेंद्र सिंह, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई, जोधपुर
Updated on:
23 Feb 2026 05:25 pm
Published on:
23 Feb 2026 05:25 pm