जयपुर

जयपुर में फैक्टरी के अंदर भीषण धमाका : झारखंड के मजदूर की मौत, मैनेजर समेत दो गंभीर घायल, टिन शेड उड़ा

जयपुर की एक फैक्टरी में शनिवार की शाम ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में झारखंड के एक मजदूर की मौत हो गई। मैनेजर समेत 2 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

2 min read
Jan 31, 2026
जयपुर में ऑक्सीजन सिलेंडर धमाका (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम एक फैक्टरी में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। तेज धमाके के कारण फैक्टरी का टिन शेड पूरी तरह उखड़ गया और एक दीवार ढह गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि फैक्टरी मैनेजर सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही विश्वकर्मा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दमकल की गाड़ियां भी तुरंत घटनास्थल पर भेजी गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें

‘इसका अंजाम तुम्हारे लिए बुरा होगा…’, जान से मारने की धमकी देकर PWD ठेकेदार से की 2 लाख रुपए की वसूली, कोटा पुलिस ने लिया ये एक्शन

ब्लास्ट के बाद की तस्वीर (फोटो-पत्रिका)

सिलेंडर भरने का चल रहा था काम

जानकारी के अनुसार, हादसा विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र के रोड नंबर-17 स्थित करणी विहार कॉलोनी के पास बनी एक फैक्टरी में हुआ, जहां नियमित रूप से ऑक्सीजन सिलेंडर भरे जाते हैं। शनिवार शाम करीब 7:45 बजे सिलेंडर भरने का काम चल रहा था, तभी अचानक एक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया।

मौके पर रखे सिलेंडर (फोटो-पत्रिका)

झारखंड के मजदूर की मौत

डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद ने बताया कि हादसे में झारखंड निवासी मजदूर मुन्ना राय की मौके पर ही मौत हो गई। घायल होने वालों में फैक्टरी मैनेजर विनोद गुप्ता (45) और एक अन्य कर्मचारी शिबू उर्फ अनुवा शामिल हैं। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। यह फैक्टरी संतोष गुप्ता के स्वामित्व की बताई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।

आसपास के घरों की दीवारों में दरार

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के घरों की दीवारों में दरारें पड़ गईं और कई दुकानों के शटर टूट गए। फैक्टरी की सीमेंट शीटें उड़कर करीब 30 मीटर दूर कॉलोनी में जा गिरीं। सड़क पर कांच के टुकड़े बिखर गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

हादसे के बाद गिरी दीवार (फोटो-पत्रिका)

फैक्टरी को हटाने की मांग

पास में रहने वाले एक स्थानीय निवासी ने कहा कि धमाका इतना तेज था कि उनका पूरा मकान हिल गया। उन्होंने फैक्टरी को रिहायशी इलाके से हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि यहां छोटे-छोटे बच्चे रहते हैं और ऐसे हादसे किसी भी समय बड़ी तबाही का कारण बन सकते हैं।

ये भी पढ़ें

जयपुर मैराथन 2026 : यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव, रोडवेज बसों का भी बदला रूट, देखें पूरा मैप

Updated on:
31 Jan 2026 10:53 pm
Published on:
31 Jan 2026 10:50 pm
Also Read
View All

अगली खबर