जयपुर

Pahalgam Attack: ये आपकी सरकार का फेलियर है… जयपुर के नीरज उधवानी की अंतिम विदाई में केंद्रीय मंत्री के सामने फूटा महिला का गुस्सा

Pahalgam Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले का शिकार हुए जयपुर के नीरज उधवानी को गुरुवार को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
2 min read
• •
Updated: 24 Apr 2025, 8:46 PM IST
Neeraj Udhwani last rites
Neeraj Udhwani last rites

Pahalgam Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले का शिकार हुए जयपुर के नीरज उधवानी को गुरुवार को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जयपुर के झालाना मोक्षधाम में बड़े भाई किशोर उधवानी ने मुखाग्नि दी, तो वहीं पत्नी आयुषी चिता के पास हाथ जोड़कर बिलखती रही। इस दौरान मोक्षधाम में उपस्थित हर आंख नम थी, हर मन आक्रोशित था।

वहीं, नीरज के घर श्रद्धांजलि के दौरान एक मार्मिक दृश्य भी देखने को मिला। वहां उपस्थित एक महिला ने केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र शेखावत को ही कठघरे में खड़ा कर दिया।

अब सिक्योरिटी लगाने से क्या होगा?

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व सीएम अशोक गहलोत और कई शीर्ष नेता जब शहीद नीरज को श्रद्धांजलि देने पहुंचे, तभी भीड़ में खड़ी एक महिला ने तीखा सवाल दागा। महिला ने केन्द्रीय मंत्री से कहा कि "ये आपकी सरकार का फेलियर है, अब यहां सिक्योरिटी लगने से क्या होगा?" यह सुनकर गजेंद्र सिंह शेखावत हाथ जोड़कर खामोशी से महिला को नमन करते नजर आए।

अब रक्त और पानी साथ नहीं बहेंगे- शेखावत

नीरज को श्रद्धांजलि देने के बाद मीडिया से बातचीत में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पाकिस्तान को लेकर कहा कि अब भारत से रक्त और पानी एक साथ नहीं बहेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने सिंधु नदी के जल को पाकिस्तान जाने से रोकने का निर्णय लिया है। ये सिर्फ जल नीति नहीं, पाकिस्तान के लिए चेतावनी है। उसकी आतंकी हरकतों का आर्थिक जवाब मिलेगा।

राज्यपाल बागडे ने भी दी श्रद्धांजलि

नीरज उधवानी को अंतिम विदाई देने के लिए राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, डिप्टी सीएम दीया कुमारी, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, गोविंद सिंह डोटासरा, टीकाराम जूली सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने नीरज की मां ज्योति से मुलाकात की। ज्योति उन्हें देखते ही फूट-फूटकर रोने लगीं। मुख्यमंत्री ने उनके आंसू पोंछे और ढांढस बंधाया। उनके साथ नीरज की पत्नी आयुषी भी बेसुध सी बैठी थीं।

पत्नी के सामने ही मारी गई थी गोली

बता दें, 22 अप्रैल को नीरज अपनी पत्नी आयुषी के साथ कश्मीर के पहलगाम में थे, तभी आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। नीरज को पत्नी आयुषी के सामने ही गोली मार दी गई। उनका शव बुधवार रात 8:15 बजे इंडिगो फ्लाइट से जयपुर लाया गया, जिसके बाद एंबुलेंस के जरिए पार्थिव देह को उनके मॉडल टाउन स्थित घर लाया गया।

यहां देखें वीडियो-

Updated on:
24 Apr 2025, 8:46 PM IST
Published on: