जयपुर

Pahalgam Attack: जयपुर में मुसलमानों ने काली पट्टी बांधकर किया विरोध, पोस्टर पर लिखा- ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’

Pahalgam Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 बेगुनाह पर्यटकों की निर्मम हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
2 min read
• •
Updated: 25 Apr 2025, 7:02 PM IST
Protest in Jaipur against Pahalgam terror attack
जयपुर में पहलगाम आंतकी हमले के खिलाफ विरोध किया गया

Pahalgam Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 बेगुनाह पर्यटकों की निर्मम हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस बर्बर हमले की गूंज राजस्थान में भी सुनाई दे रही है। इस घटना के बाद प्रदेशभर में शोक और एकजुटता की लहर दौड़ गई है। प्रदेशभर में पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। कई जिलों में बाजार बंद रहे और सर्वसमाज ने जोरदार रैलियां निकालकर दोषियों को फांसी देने की मांग की।

जयपुर में आतंक के खिलाफ विरोध

राजधानी जयपुर में शुक्रवार को जुम्मे की नमाज़ के बाद मुस्लिम समाज के हजारों लोग सड़कों पर उतरे और आतंकवाद के खिलाफ प्रदर्शन किया। विभिन्न मस्जिदों से नमाज़ के बाद लोग हाथों में ‘आतंकवाद मुर्दाबाद’ लिखी तख्तियां लेकर रैलियों में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता, यह पूरी इंसानियत के खिलाफ है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि आतंकवादियों को बख्शा न जाए और पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय मिले।

सीकर और कोटा में पूर्ण बंद

सीकर और कोटा जिलों में हिंदू संगठनों के आह्वान पर बाजार पूरी तरह बंद रहे। व्यापारियों और आम नागरिकों ने स्वेच्छा से बंद को समर्थन दिया। हालांकि सीकर के मोहल्ला कारीगरान में दुकान बंद कराने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके चलते विवाद की स्थिति बन गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति पर काबू पाया और बजरंग दल के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

उदयपुर के झाड़ोल में प्रदर्शन

उदयपुर के झाड़ोल कस्बे में शुक्रवार को व्यापार पूरी तरह ठप रहा। व्यापार मंडल और सर्व समाज ने बंद का समर्थन करते हुए एकजुटता दिखाई। कस्बे में बड़ी रैली निकालकर कोर्ट चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन हुआ। बाद में झाड़ोल SDM को ज्ञापन सौंपकर दोषियों को कड़ी सजा और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की गई। रैली के दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी गई।

जैसलमेर में पाकिस्तान का झंडा जलाया

जैसलमेर में भी लोग गुस्से में नजर आए। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हनुमान चौराहे पर पाकिस्तान का झंडा जलाकर आतंकवाद का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस की छुट्टियां रद्द, हाई अलर्ट

राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने प्रदेशभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर विशाल बंसल ने सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां आगामी आदेशों तक रद्द कर दी हैं। प्रदेश के हर जिले के एसपी, रेंज आईजी और कमिश्नरों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं।

सीमावर्ती जिलों- बाड़मेर, जैसलमेर और श्रीगंगानगर में सुरक्षा चौकसी और बढ़ा दी गई है। BSF की टुकड़ियां पाकिस्तान बॉर्डर पर अलर्ट मोड में हैं। पोकरण के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रामदेवरा में भी हथियारबंद जवानों द्वारा धर्मशालाओं की जांच की जा रही है।

यहां देखें वीडियो-

Updated on:
25 Apr 2025, 7:02 PM IST
Published on: