
Jaipur: पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो-पत्रिका)
जयपुर। राजधानी जयुपर में महाराष्ट्र निवासी बीबीए छात्र को बंधक बनाकर मारपीट करने और उसके पिता से सात लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। प्रताप नगर थाना पुलिस ने हरियाणा के भिवानी जिले में दबिश देकर बंधक बनाए गए छात्र को सकुशल मुक्त करा लिया है। वहीं दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नवीन (24) और भागीरथ उर्फ मंगल (28) दोनों हरियाणा के भिवानी के रहने वाले हैं। आरोपी नवीन के खिलाफ तौशाम थाने में मारपीट के दो और भागीरथ के खिलाफ तौशाम व चूरू के राजगढ़ थाने में मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के नासिक निवासी नील किशोर घेटिया जयपुर में बीबीए की पढ़ाई कर रहा है। वह अतिरिक्त कमाई के लिए यूएसडीटी ट्रेडिंग भी करता था। इसी दौरान टेलीग्राम के जरिए उसकी पहचान जयपुर निवासी रजत नाम के युवक से हुई, जो यूएसडीटी का पैनल चलाता था। रजत के कहने पर छात्र 5 अक्टूबर को जयपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा। यहां से उसे एक फ्लैट पर ले जाया गया, जहां हरियाणा निवासी नवीन को भी बुलाया गया।
पुलिस के मुताबिक, नवीन ने यूएसडीटी खरीदने के लिए सात लाख रुपए दिए थे। छात्र ने यह रकम अपने एक परिचित को ट्रांसफर करने के लिए आगे बढ़ाई, लेकिन किसी कारण से लेन-देन पूरा नहीं हो पाया। रकम अटकने के बाद नवीन ने पैसे वापस मांगे। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। रकम नहीं मिलने से नाराज आरोपियों ने छात्र को फ्लैट के कमरे में बंद कर दिया और उसके साथ मारपीट की। वह कई दिनों तक उनके कब्जे में रहा। इसके बाद 15 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे आरोपी उसे जबरन एसयूवी में बैठाकर हरियाणा के भिवानी जिले के ईसरवाल गांव ले गए। वहां एक मकान की पहली मंजिल पर उसे फिर से बंधक बनाकर रखा गया और प्रताड़ित किया गया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने छात्र के पिता को वॉट्सऐप कॉल किया और बेटे को छोड़ने के बदले सात लाख रुपए की फिरौती मांगी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। इससे परिवार की चिंता बढ़ गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रताप नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा के अनुसार, तकनीकी इनपुट और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने हरियाणा के भिवानी में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान छात्र को सुरक्षित मुक्त कराया गया और नवीन (24) तथा भागीरथ उर्फ मंगल (28) को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी भिवानी के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, नवीन के खिलाफ तौशाम थाने में मारपीट के दो मामले दर्ज हैं। वहीं, भागीरथ के खिलाफ तौशाम और चूरू जिले के राजगढ़ थाने में मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
Updated on:
24 Oct 2026, 9:36 PM IST
Published on:
24 Oct 2026, 9:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.