जयपुर

Pahalgam Attack: जयपुर के नीरज का अंतिम संस्कार, चिता के पास बिलखती रही पत्नी; CM ने पोंछे मां के आंसू

Pahalgam Terrorist Attack: पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए जयपुर निवासी नीरज उधवानी को गुरुवार को जयपुर के झालाना स्थित मोक्षधाम में अंतिम विदाई दी गई।
3 min read
• •
Updated: 24 Apr 2025, 12:33 PM IST
Neeraj Udhwani funeral
Neeraj Udhwani funeral

Pahalgam Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए जयपुर निवासी नीरज उधवानी (33) को गुरुवार को जयपुर के झालाना स्थित मोक्षधाम में अंतिम विदाई दी गई। जैसे ही चिता को अग्नि दी गई, वहां खड़े सभी लोगों में आक्रोश और दर्द की चुप्पी छा गई। नीरज को बड़े भाई किशोर उधवानी ने मुखाग्नि दी।

वहीं पत्नी आयुषी, मां ज्योति और परिजन रोते-बिलखते चिता के पास खड़े रहे। आयुषी चिता के पास हाथ जोड़कर खड़ी रही, बार-बार पति की ओर देखती रही और कहती रही कि नीरज… मुझे अकेला क्यों छोड़ गए?

पत्नी के सामने ही मारी गई थी गोली

22 अप्रैल को नीरज अपनी पत्नी आयुषी के साथ कश्मीर के पहलगाम में थे, तभी आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग की।
नीरज को पत्नी आयुषी के सामने ही गोली मार दी गई। उनका शव बुधवार रात 8:15 बजे इंडिगो फ्लाइट से जयपुर लाया गया, जिसके बाद एंबुलेंस के जरिए पार्थिव देह को उनके मॉडल टाउन स्थित घर लाया गया।

बड़े नेताओं ने नीरज की दी श्रद्धांजलि

दरअसल, अंतिम संस्कार से पहले, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, डिप्टी सीएम दीया कुमारी, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ समेत कई राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों ने नीरज के मालवीय नगर स्थित आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने नीरज की मां ज्योति से मुलाकात की। ज्योति उन्हें देखते ही फूट-फूटकर रोने लगीं। मुख्यमंत्री ने उनके आंसू पोंछे और ढांढस बंधाया। उनके साथ नीरज की पत्नी आयुषी भी बेसुध सी बैठी थीं।

यह सरकार की असफलता है- एक महिला

श्रद्धांजलि के दौरान जब मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री परिजनों से मिले, उस वक्त एक महिला ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि यह आपकी सरकार का फेलियर है, अब यहां पर सिक्योरिटी लगाने से क्या फायदा? यह सुनकर गजेंद्र सिंह शेखावत ने हाथ जोड़ लिए, जबकि वहां मौजूद लोग भावनात्मक रूप से क्षुब्ध नजर आए।

एक-एक कतरे का बदला लिया जाएगा- CM

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और कायरतापूर्ण आतंकी हमला है। राजस्थान सरकार नीरज के परिवार के साथ खड़ी है। एक-एक खून के कतरे का हिसाब लिया जाएगा। जम्मू-कश्मीर में मौजूद राजस्थान के पर्यटकों की सुरक्षा के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि दो दिन से पूरे देश में इस कायराना घटना को लेकर गुस्सा है, जिस तरह से यह घटना हुई है, कठोर निर्णय देने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन से लगातार संपर्क में रहते हुए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि बाकी पर्यटक सुरक्षित लौट सकें।

देशभर में शोक और आक्रोश की लहर

नीरज की मौत ने पूरे राजस्थान और देश को झकझोर दिया है। जयपुर में लोग गुस्से में हैं और पूछ रहे हैं- क्या कभी इन हमलों का अंत होगा? लोगों की मांग है कि केंद्र सरकार आतंक के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे और निर्दोष नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।

यहां देखें वीडियो-

Updated on:
24 Apr 2025, 12:33 PM IST
Published on: