जयपुर

आतिश मार्केट में पार्किंग ठेका खत्म, निगम की मिलीभगत से अवैध वसूली जारी

सात दिसंबर को पार्किंग का ठेका खत्म हो गया और आठ दिसंबर को निगम ने कब्जा भी ले लिया था। बावजूद इसके, ठेकेदार अब भी पार्किंग संचालित कर रहा है और बिना पर्ची के पैसे वसूल रहा है। पार्किंग में पर्ची न देने से वाहन चालकों को सुरक्षा की गारंटी नहीं मिल रही। राजस्व शाखा के अधिकारी इस अव्यवस्था पर चुप्पी साधे हुए हैं।
less than 1 minute read
Dec 22, 2024
Feature image

जयपुर. हैरिटेज नगर निगम की राजस्व शाखा और ठेकेदारों की मिलीभगत से न्यू आतिश मार्केट में वाहन चालकों से अवैध वसूली जारी है। सात दिसंबर को पार्किंग का ठेका खत्म हो गया और आठ दिसंबर को निगम ने कब्जा भी ले लिया था। बावजूद इसके, ठेकेदार अब भी पार्किंग संचालित कर रहा है और बिना पर्ची के पैसे वसूल रहा है।

पार्किंग में पर्ची न देने से वाहन चालकों को सुरक्षा की गारंटी नहीं मिल रही। राजस्व शाखा के अधिकारी इस अव्यवस्था पर चुप्पी साधे हुए हैं।

14 दिन से अवैध वसूली
- ठेका खत्म होने के बाद भी ठेकेदार 14 दिनों से पार्किंग का संचालन कर रहा है। यहां प्रतिदिन लगभग 250 चारपहिया वाहन आते हैं, जिससे करीब 12,500 की कमाई होती है। 14 दिनों में यह राशि 1.75 लाख तक पहुंच चुकी है।

- मासिक पास से भी 100 से अधिक गाडिय़ों का अतिरिक्त राजस्व हो रहा है।

ये जिम्मेदार
-निधि सिंह, उपायुक्त, राजस्व शाखा
-चेतन सुखीजा, सहायक राजस्व अधिकारी

इधर, अतिक्रमण हटाने और पार्किंग को फ्री करने की मांग
चमेली वाला मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन और अन्य व्यापारिक संगठनों ने हैरिटेज नगर निगम की महापौर कुसुम यादव से मुलाकात कर एमआइ रोड पर अतिक्रमण हटाने और पार्किंग को फ्री करने की मांग की। एसोसिएशन के अध्यक्ष पुष्पराज सिंह राठौड़ ने कहा कि पेड पार्किंग के कारण अव्यवस्था और अवैध वसूली हो रही है। इससे व्यापारियों और ग्राहकों को परेशानी हो रही है। राजस्थान एग्रीकल्चर ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष बने चंद जैन ने कहा कि जालूपुरा में खाली पड़ी जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए।
-एमआइ रोड पर हो रही अवैध वसूली के मामले में व्यापार मंडल भी शिकायत कर चुका। साक्ष्य भी प्रस्तुत किए। उसके बाद भी अब तक राजस्व शाखा ने कार्रवाई नहीं की।

Updated on:
22 Dec 2024 12:47 pm
Published on:
22 Dec 2024 12:47 pm