
जयपुर। राजस्थान आवासन मंडल मुख्यालय पर शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। आवासन आयुक्त अरविंद पोसवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद किया।
पोसवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के संकल्प को दोहराने का अवसर है। देश की एकता-अखंडता को मजबूत बनाए रखना और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना सभी का दायित्व है। संविधान की मूल भावना के अनुरूप आचरण करते हुए शांति और भाईचारे की परंपरा को बनाए रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में गीतकारों ने देशभक्ति के गीतों की प्रस्तुति दी। ‘सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तां हमारा’ सहित देशभक्ति के तरानों से माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। इस दौरान सचिव गोपाल सिंह, मुख्य अभियंता अमित अग्रवाल, तेजवीर सिंह मीणा, के.के. दीक्षित सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।