
जयपुर/ अजमेर।
वक्त आ गया है... तैयारी पूरी कर ली गई है... और काउंटडाउन भी ख़त्म हो रहा है। अब बस इंतज़ार की निगाहें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजस्थान पहुंचने पर टिकी हैं। मोदी आज 'मिशन राजस्थान' के सिलसिले में पिछले 8 महीने में छठा और इस साल का चौथा प्रदेश दौरा करने आ रहे हैं। वे आज नई दिल्ली से पुष्कर और अजमेर दौरे पर आएंगे और इसके बाद वापस नई दिल्ली लौट जाएंगे।
ये रहेगा दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
- दोपहर 2 बजे- नई दिल्ली से विशेष विमान से भरेंगे उड़ान
- दोपहर 3 बजे पहुंचेंगे किशनगढ़ एयरपोर्ट, सेना के हेलीकॉप्टर से जाएंगे पुष्कर
- दोपहर साढ़े 3 बजे- पुष्कर ब्रह्मा मंदिर पहुंचकर करेंगे दर्शन और पूजा-अर्चना
- शाम 4:15 बजे- पुष्कर से हेलीकॉप्टर के रवाना होकर पहुंचेंगे अजमेर के कायड़ विश्रामस्थली
- शाम 6 बजे- सभा स्थल से रवाना होकर पहुंचेंगे किशनगढ़ एयरपोर्ट
- शाम साढ़े 6 बजे विशेष विमान से होंगे दिल्ली रवाना
मौसम के बिगड़़े मिजाज, ‘टू-वे रूट प्लान’ तैयार
प्रदेश में बीते एक सप्ताह से मौसम को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अजमेर यात्रा को लेकर ‘टू-वे प्लान’ तैयार किया है। पीएम मोदी विशेष विमान से किशनगढ़ एयरपोर्ट आएंगे। किशनगढ़ एयरपोर्ट पर उन्हें सेना के हेलीकॉप्टर के अलावा सड़क मार्ग से अजमेर लाने के लिए भी वाहनों के दो काफिले तैयार किए गए हैं। पहला काफिला किशनगढ़ एयरपोर्ट पर तैनात रहेगा जबकि दूसरा पुष्कर हेलीपेड पर होगा।
मौसम ही तय करेगा पीएम का रूट!
पीएम मोदी की अजमेर यात्रा में सबकुछ मौसम पर निर्भर है। मौसम साफ रहा तो पीएम मोदी किशनगढ़ से हेलीकॉप्टर से पुष्कर पहुंचेंगे, लेकिन खराब रहने पर उन्हें सड़क मार्ग से लाया जाएगा। पुष्कर पहुंचने के बाद मौसम बिगड़ने पर पुष्कर में भी पीएम मोदी का वाहनों का काफिला मुस्तैद रहेगा।
पीएम कारकेड में 21 वाहन
पीएम मोदी के डबल कारकेड में 21 वाहन शामिल किए गए हैं। पुष्कर और किशनगढ़ एयरपोर्ट पर तैनात होने वाले पीएम कारकेड में वार्निंग कार, पायलट वाहन के साथ सुरक्षाकर्मियों व वीवीआईपी के 3-3 वाहन, जेमर, एम्बुलेंस, टेल कार के अलावा 10 अतिरिक्त वाहनों को शामिल किया गया है।
2 लाख जुटाने का दावा-टारगेट
चुनावी वर्ष में प्रधानमंत्री का राजस्थान दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं इस दौरे के ज़रिये भाजपा एक बार फिर राजस्थान में 'शक्ति प्रदर्शन' करने जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज की प्रधानमंत्री की जनसभा में 2 लाख लोगों की भीड़ जुटाने का टारगेट रखा गया है। इस टारगेट तक पहुंचने के लिए पार्टी के तमाम सीनियर नेताओं ने जान फूंक डाली है। इस जनसभा को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया गया और हर जिले से इस जनसभा में लोगों को लाने की जिम्मेदारी तय की।
करीब 40 सीटों पर रहेगी नज़र
माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री अपनी अजमेर जनसभा के जरिए ना सिर्फ अजमेर में भाजपा के गढ़ को और मजबूत करेंगे, बल्कि अजमेर संभाग और उससे सटी प्रदेश की 40 से ज्यादा विधानसभा सीटों पर असर डालने की कोशिश करेंगे।