
लोकसभा चुनाव की ज़ोर-शोर से चल रही तैयारियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर राजस्थान दौरे पर आएंगे। प्रधानमंत्री के 12 मार्च को जैसलमेर दौरे का कार्यक्रम बन रहा है। हालांकि पीएमओ की ओर से उनके विस्तृत कार्यक्रम की आधिकारिक जानकारी आने का इंतज़ार है।
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री 12 मार्च को अपने जैसलमेर दौरे पर पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में जारी 'भारत शक्ति' युद्धाभ्यास में शामिल होंगे। वे यहां तेजस लड़ाकू विमान, के-9 आर्टिलरी गन और स्वदेशी ड्रोन की ताकत के साथ ही भारतीय सेना के युद्ध कौशल को नज़दीक से देखेंगे। इसी दौरान वे जवानों के बीच में रहकर उनका हौंसला भी बढ़ाएंगे।
ये भी पढ़ें : राजस्थान BJP में सुबह-सुबह हो गई नामों की घोषणा, इन नेताओं को बड़ी ज़िम्मेदारी- देखें सूची
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित जैसलमेर दौरे में उनके साथ डिफेन्स मिनिस्ट्री के कई आला अफसर भी रहेंगे। इनमें चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान का नाम सबसे ऊपर बताया जा रहा है। इनके अलावा तीनों सेनाओं के टॉप अधिकारी भी प्रधानमंत्री की मौजूदगी में प्रस्तावित कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
ये भी पढ़ें : चर्चा में BJP की ये लिस्ट, भजनलाल-दिया कुमारी की जगह लेंगे ये नेता ! बालकनाथ को भी बड़ा ज़िम्मा
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री अपने जैसलमेर दौरे के दौरान पार्टी संगठन के भी कुछ कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र वे एक जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रदेश भाजपा में भी हलचलें बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री दौरे की तैयारियां ज़ोर पकड़ने लगी हैं।