भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर पलटवार किया है।
जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर पलटवार किया है। पूनिया ने कहा कि आज ब्रह्माकुमारीज के वर्चुअल कॉन्फ्रेंस में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की ताकत, लोकतंत्र, सद्भाव, एकता और देश की उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की लेकिन दूसरी ओर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आदतन अपने ही देश के खिलाफ, अपने देश की व्यवस्था के खिलाफ बयान दे रहे है।
गहलोत का बयान देश के खिलाफ
पूनिया ने एक बयान में कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री की निंदा की आड़ में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भूल जाते हैं कि वह देश पर सवाल खड़े करते हैं, अहिंसा और लोकतंत्र की बात करते-करते अशोक गहलोत भूल जाते हैं कि 70 वर्षों की राजनीति में कांग्रेस को 50 वर्षों तक शासन करने मौका मिला, जिसमें उन्होंने लोगों को जाति, पंथ और मजहब में बांटने का कार्य किया।
अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग कांग्रेस के कार्यकाल में सर्वाधिक
पूनिया ने कहा कि आपातकाल से लेकर अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ, जब कांग्रेस के नेता विश्व मंच पर देश की आलोचना करते हैं तो ऐसा लगता है कि राहुल गांधी से लेकर अशोक गहलोत तक एक ही भाषा बोलते हैं, देश के विपरीत भाषा बोलता हैं, देश के खिलाफ भाषा बोलते हैं, इसलिए उनका आचरण कई बार एंटी नेशनल लगता है, देश के विपरीत लगता है? गौरतलब हैं कि आज राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने माउंट आबू स्थित ब्रह्म कुमारी संस्थान की ओर से आयोजित आजादी के अमृत महोत्सव से स्वर्णिम भारत की ओर कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह को ऑनलाइन संबोधित किया था। गहलोत ने इस मौके पर कहा कि देश में तनाव व हिंसा का माहौल है. उन्होंने कहा कि सत्य-अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही समाज व देश आगे बढ़ सकता है