
जमवारामगढ़. जयपुर - जमवारामगढ़ फोरलेन सड़क पर स्थित बादियावाला मोड़ तिराहे का गहरा गड्ढा इन दिनों वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी और हादसों का कारण बनता जा रहा है। बरसात के मौसम में गड्ढे में पानी भर जाने से उसकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे विशेषकर दुपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिरने से लोग घायल हो रहे हैं। दिनभर इस मार्ग पर गुजरने वाले लोगों को सावधानी बरतते हुए वाहनों की गति धीमी करनी पड़ती है। वर्तमान में बादियावाला मोड़ से भानपुरकला मोड़ तक सात मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। खास बात यह है कि गड्ढे के ठीक सामने सड़क निर्माण के शिलान्यास का बोर्ड लगा है, लेकिन सबसे अधिक जोखिम वाले इस हिस्से की अब तक मरम्मत नहीं करवाई गई। इस मामले में पीडब्लूडी जमवारामगढ़ के सहायक अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि गड्ढे में मोरम डलवाकर भरा जाएगा। इसके लिए संवेदक को दिशा निर्देश दे दिए हैं।