जयपुर

पोक्सो एक्ट और बाल अधिकारों पर विद्यार्थियों को किया जागरूक

Aug 19, 2026
Rajasthan

देवली. राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे अभियान के तहत मंगलवार को तालुका विधिक सेवा समिति की ओर से विद्यार्थियों के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पनवाड़ में आयोजित शिविरों में विद्यार्थियों को पोक्सो एक्ट, बाल अधिकार एवं विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रेया सोनी तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पनवाड़ में ग्राम न्यायालय न्यायाधिकारी हर्ष मीणा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।

न्यायिक अधिकारियों ने सरल भाषा में बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों तथा शारीरिक, यौन एवं भावनात्मक दुरुपयोग के बारे में जानकारी दी। साथ ही बाल संरक्षण के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली के बारे में बताया।

तालुका विधिक सेवा समिति के सचिव विजय गौड़ ने विद्यार्थियों को विधिक सेवा प्राधिकरणों की संरचना और निशुल्क कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, पीएलवी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।


देवली. मॉडल स्कूल में विद्यार्थियों को विधिक जानकारी देतीं न्यायिक अधिकारी श्रेया सोनी।

Updated on:
19 Aug 2026 06:01 am
Published on:
19 Aug 2026 06:01 am