
हिण्डौन सिटी. नगरीय निकाय चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस और भाजपा ने चुनावी तैयारियों को लेकर मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर संगठनात्मक बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं और टिकट के दावेदारों से संवाद किया। दोनों ही दलों की बैठकों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पार्षद पद के दावेदार पहुंचे। पार्टी पदाधिकारियों ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरने और आपसी समन्वय बनाए रखने का संदेश दिया। जिलाध्यक्ष घनश्याम महर और प्रदेश कांग्रेस से नियुक्त प्रभारियों की अगुवाई में हुई बैठक में विधायक अनीता जाटव का नहीं आना चर्चा में रहा। वक्तों ने चुनाव में एकजुटता के मंत्र के बीच इसे मनमानी बताया। वहीं भाजपा की बैठक में मंच पर मंच पर बैठने की होड़ में दोहरी कतार लगानी पड़ी। कार्यकर्ताओं और टिकट के दावेदार भी बड़ी संख्या में आए। हालांकि यहां भी जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म नहीं आए।
कांग्रेस में दावेदारों से वन-टू-वन चर्चा
कांग्रेस की ओर से करौली रोड स्थित किरण पैलेस में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। नगरीय निकाय एवं विधानसभा प्रभारी प्रतीक सिंह तथा करौली जिला सह प्रभारी चतर सिंह बांसड़ा ने बैठक में कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की। इस दौरान पार्षद पद के लिए चुनाव के दावेदारों से आवेदन लिए गए। सम्मेलन में पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में संगठन की एकजुटता सबसे महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ता आपसी मतभेदों को दूर रखते हुए पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मजबूती से काम करें। बैठक में पार्षद पद के लिए टिकट की दावेदारी कर रहे कई नेता अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस के नगर अध्यक्ष एजाज अहमद, देहात अध्यक्ष योगेंद्र मावई, पूर्व चेयरमैन भगवान सहाय शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी रामचरण खुरसटपुरा, नरेश गुर्जर अंसार पठान, नेमीचंद जाटव, हिम्मत सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा ने बूथ से वार्ड की जीत का दिया मंत्र
भाजपा की ओर से स्टेशन रोड स्थित विनायक वाटिका में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर संगठनात्मक एवं चुनाव तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष गोवर्धन सिंह जादौन, चुनाव प्रभारी रामावतार मीना एवं सुशील दीक्षित ने कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी तैयारियों पर मंथन किया। कहा कि बूथ की जीत की योजना बनाएं, वार्ड की जीत से बोर्ड अपने आप बन जाएगा।बैठक में वार्डवार संगठन की स्थिति, संभावित प्रत्याशियों और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा की गई। टिकट की दावेदारी कर रहे कार्यकर्ताओं की जानकारी जुटाई। दौरान पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव, मंडल अध्यक्ष बबली चतुर्वेदी, पूर्व जिला अध्यक्ष हेमेंद्र वशिष्ठ, शिवकुमार सैनी महामंत्री दिलीप गुप्ता समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो..
हिण्डौनसिटी. कांग्रेस की बैठक में मंचस्थ पदाधिकारी तथा भाजपा की बैठक में मौजूद कार्यकर्ता।