जयपुर

Rajasthan Pre Monsoon: राजस्थान के कई जिलों में प्री-मानसून की बारिश, झालावाड़ के खानपुर में 2 इंच बरसात

Rajasthan Pre Monsoon Update: राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगी हैं और कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में आंधी-बारिश की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।

2 min read
Jun 14, 2026
Rajasthan Pre Monsoon Update
बारिश। फाइल फोटो- पत्रिका

जयपुर। राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। रविवार को जयपुर, अजमेर, कोटा, झालावाड़, बूंदी, बारां, भीलवाड़ा और बीकानेर सहित कई इलाकों में बारिश हुई। हाड़ौती अंचल के सभी इलाकों में रविवार को बारिश होने से प्रदेश में मानसून का आगमन करीब माना जा रहा है, क्योंकि प्रदेश में सबसे पहले मानसून हाड़ौती अंचल से ही प्रवेश करता है। वहीं झालावाड़ के खानपुर में करीब दो इंच (51 मिमी) बारिश होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

यह वीडियो भी देखें

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ एक परिसंचरण तंत्र के रूप में हरियाणा व आसपास के क्षेत्र के ऊपर बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली हवाओं के साथ नमी की आपूर्ति हो रही है। मौसम केंद्र ने सोमवार को अलवर, दौसा, डीग, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़ और हनुमानगढ़ में ऑरेंज तथा बारां, भरतपुर, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, सवाईमाधोपुर, सीकर और टोंक में यलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं, आगामी तीन दिन प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में सर्वाधिक बारिश चौमूं (जयपुर) में 40, भिनाय (अजमेर) में 20, रामगंजमंडी (कोटा) में 20, पचपहाड़ (झालावाड़), भीलवाड़ा, कोलायत (बीकानेर) और नोखा (बीकानेर) में 10-10 मिमी बारिश दर्ज की गई है। कहीं-कहीं इससे कम बारिश भी दर्ज की गई है।

खानपुर : घरों में घुसा पानी

झालावाड़ के खानपुर कस्बे में रविवार दोपहर बाद हुई दो इंच तेज बारिश और आंधी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से पेड़, मकानों की दीवारें और बिजली के पोल गिर गए। सड़कों पर जलभराव हो गया तथा कई मकानों और दुकानों में पानी घुस गया। कृषि उपज मंडी में खुले में रखा समर्थन मूल्य का गेहूं भीग गया। तेज हवाओं के कारण झालावाड़ रोड पर एचपी पेट्रोल पंप के समीप पेड़ और बिजली का पोल गिरने से वहां खड़ी दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।

आंधी में ट्रैक्टर पलटा, एक की मौत, एक घायल

तालेड़ा (बूंदी) क्षेत्र के बक्सपुरा गांव में शनिवार को तेज आंधी में ट्रैक्टर पलट जाने से एक युवक जवाहर लाल की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक, मनीष, गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक ट्रैक्टर से खेत पर डोलिया बांधने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान नोताड़ा रेलवे अंडरपास से पहले तेज आंधी चलने से ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गया। जयपुर ग्रामीण के फागी क्षेत्र में एक मकान और टिनशेड के मलबे के नीचे दबने से मकान में मौजूद रामदेव गुर्जर और सत्यनारायण कीर गंभीर रूप से घायल हो गए।

Updated on:
14 Jun 2026 08:14 pm
Published on:
14 Jun 2026 08:03 pm