जयपुर

Jaipur Road Accident: पेट्रोल पंप से चंद कदम दूर निजी बस बनी आग का गोला, मच गई अफरा-तफरी

Burning Bus in Jaipur: बस में जिस समय आग लगी उस वक्त उसमें दो-तीन सवारियां और चालक-परिचालक थे।
2 min read
• •
Updated: 14 Oct 2024, 10:08 AM IST

Jaipur News: जयपुर। सांगानेर थाना इलाके में रात करीब 10.25 बजे चोरडिया पेट्रोल पंप के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर निजी बस के नीचे आ गई। बाइक बस में फंस गई। घिसटने के दौरान बस में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि बाइक सवार साइड में गिरा जिससे वह जलती बस की चपेट में नहीं आ पाया। बस को लपटों में घिरा देख वहां अफरा-तफरी मच गई। आग लगने से बस और बाइक दोनों जल गईं। सूचना पर पहुंची दमकलों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

थानाप्रभारी हिम्मत सिंह के अनुसार बाइक बेकाबू होने के बाद बस की चपेट में आ गई। बाइक के घिसटने के दौरान बस में आग लग गई। बस जयपुर से फर्रूखाबाद के बीच चलती है। हादसे के बाद बाइक चालक भाग छूटा। पुलिस का कहना है कि बस में जिस समय आग लगी उस वक्त उसमें दो-तीन सवारियां और चालक-परिचालक थे। लेकिन वे सभी समय रहते उतर गए।

दो दमकलों ने पाया काबू

फायर अधिकारी दिवांग यादव ने बताया कि रात 10.30 बजे बस में आग लगने की सूचना मिली थी। दो दमकलों ने आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जलती बस देखते ही अफरा-तफरी का माहौल हो गया। पेट्रोल पंप के पास जलती बस देख अनहोनी की आशंका ने लोगों को और डरा दिया। हालांकि उस समय दुकानें बंद होने से चहल-पहल कम थी।

एक दिन पहले एसयूवी में लगी थी आग

शनिवार को सोडाला एलिवेटेड रोड पर एसयूवी में आग लग गई थी। चालक जितेन्द्र जांगिड ने हैंड ब्रेक लगाकर गाड़ी साइड में लगा दी। वायरिंग में स्पार्किंग के बाद जलती हुई कार नीचे आ गई थी। इस दौरान वह डिवाइडर से टकराने के बाद संकेतक से टकराकर रुक गई थी।