जयपुर

11 हजार केवी की बिजली की लाइन पकड़ की आत्महत्या, सूदखोरों से परेशान था प्रॉपर्टी डीलर

सुसाइट नोट में एक-एक सूदखोर का किया जिक्र, दो करोड़ के लेनदेन की बात
2 min read
jaipur
11 हजार केवी की बिजली की लाइन पकड़ की आत्महत्या, सूदखोरों से था परेशान प्रॉपर्टी डीलर ने दी जान

जयपुर . मानसरोवर थाना इलाके में सूदखोरों से परेशान एक व्यक्ति ने बिजली के तारों को छूकर अपना जीवन समाप्त कर लिया। मरने से पहले उसने दो पेज का सुसाइड नोट भी लिखा और क्रमवार एक-एक व्यक्ति का उल्लेख किया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मुहाना मंडी निवासी बाबूलाल यादव (43) प्रोपर्टी व माइंस का काम करता था। वह पिछले काफी समय से तनाव में भी था। सोमवार देर शाम को वह अपने परिचित किरण पथ निवासी हरिनारायण के घर पर आया। रात्रि में वहीं रुक गया और सुबह करीब छह बजे छत पर जाकर पास से गुजर रही 11 हजार केवी बिजली की लाइन को पकड़ लिया। आस-पास के लोगों ने यह देखा और सूचना दी। मृतक के भाई ने थाने में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

भाई को दिया नोट
पुलिस ने बताया कि करंट से झूलसने के कारण बाबूलाल की हालत बेहद गंभीर थी। उसे एंबुलेंस की सहायता से एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। उसके साथ उसका भाई गोगाराम यादव भी था। बाबूलाल ने मरने से पहले अपनी जेब से सुसाइड नोट निकालकर भाई को दिया और घरवालों का ध्यान रखने की बात कही।

करीब 2 करोड़ के कर्जे का जिक्र
पुलिस ने सुसाइड नोट में लिखे आरोपितों के नाम बताने से इंकार करते हुए कहा कि मामले की जांच होने के बाद ही सच्चाई पता चलेगी। बाबूलाल ने नोट में लगभग दो करोड़ रुपए के कर्ज का जिक्र किया है। उसने लिखा कि आरोपितों का वह कर्ज चुकाता रहा है। मूल और ब्याज देने के बाद भी आरोपित उसे परेशान कर रहे थे और बार-बार कर्जा दिखाकर, मारने की धमकियां दे रहे थे। जिससे वह काफी परेशान हो चुका था।

बच्चों का रखना ख्याल
बाबूलाल के चार लड़कियां और दो लड़के हैं। एक लड़की की शादी हो चुकी है। उसने भाइयों से बच्चों का ध्यान रखने के लिए कहा है। मृतक की आंधी में माइंस भी थी, जिसे हाल ही में बेच दिया था।

Published on:
29 May 2018 09:04 pm