
हिंडौनसिटी. नगरपरिषद क्षेत्र में जलभराव, गंदगी और स्वच्छता व्यवस्था की बदहाली के विरोध में सामाजिक कार्यकर्ता विष्णु प्रजापति मंडावरा रोड पर अनशन पर बैठे हैं। गुरुवार शाम करीब 7 बजे शुरू अनशन शुक्रवार को भी जारी रहा।
मंडावरा रोड पर लंबे समय से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है।
केवल मंडावरा रोड ही नहीं, बल्कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी जलभराव और कचरे के ढेर लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। इससे संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
अनशन पर बैठे विष्णु प्रजापति ने नगर परिषद प्रशासन पर जन समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इन समस्याओं को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन किए गए और प्रशासन को लिखित ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
अनशन की सूचना मिलने के बाद प्रशासन में हलचल जरूर हुई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई जिम्मेदार अधिकारी आंदोलन स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से वार्ता करने नहीं आया था।
फोटो कैप्शन-
हिंडौनसिटी. नगर परिषद की कार्यप्रणाली के विरोध में मंडावरा रोड पर अनशन के दौरान धरना स्थल पर मौजूद लोग।