जयपुर

जयपुर में भड़के लोग! नगर निगम चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी, 400 से ज्यादा परिवार परेशान; जानें क्या हैं मांगें?

Vaishali Nagar News: जयपुर के वैशाली नगर की नेमी सागर कॉलोनी में पार्किंग, तेज म्यूजिक, गंदगी और व्यावसायिक गतिविधियों से लोग परेशान हैं। 400 से ज्यादा परिवारों ने जल्द समाधान नहीं होने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है।
2 min read
Aug 17, 2026
jaipur vaishali nagar news
Ai Generated Image

जयपुर के पॉश इलाके वैशाली नगर की नेमी सागर कॉलोनी में रहने वाले लोग पिछले कई साल से अलग-अलग समस्याओं से परेशान हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रिहायशी इलाके के आसपास बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों से कॉलोनी के माहौल पर असर पड़ रहा है। करीब 400 से ज्यादा परिवारों का कहना है कि लंबे समय से उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कई बार JDA और पुलिस प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद भी कोई समाधान नहीं निकला है। अब परेशान होकर लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह आने वाले निकाय चुनाव में मतदान बहिष्कार कर देंगे।

ये हैं लोगों की बड़ी परेशानियां

कॉलोनी के लोगों का कहना है कि इलाके में सबसे बड़ी परेशानी पार्किंग और देर रात तक बजने वाले तेज म्यूजिक की है। इसके अलावा सड़कों पर गाड़ियों की भीड़, गंदगी, टूटी सड़कें और सुरक्षा को लेकर भी लोग परेशान हैं। उनका कहना है कि आसपास एक दर्जन से ज्यादा क्लब, होटल, रेस्टोरेंट और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स चल रहे हैं। यहां आने वाले लोगों की गाड़ियां अक्सर कॉलोनी की सड़कों पर खड़ी रहती हैं, जिससे कई बार स्थानीय लोगों को अपनी गली से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।

बेसमेंट की पार्किंग में दूसरी गतिविधियों का आरोप

निवासियों का कहना है कि कुछ जगहों पर जिन बेसमेंट में गाड़ियों की पार्किंग होनी चाहिए, वहां दूसरे काम किए जा रहे हैं। पार्किंग की जगह नहीं मिलने से लोग अपनी गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि कई जगह सड़क की सीमा तक निर्माण कर दिया गया है, जिससे रास्ता और संकरा हो गया है।

रात को भी परिवार परेशान

लोगों का कहना है कि परेशानी दिन तक सीमित नहीं है। उनका आरोप है कि देर रात तक तेज म्यूजिक बजता है, जिसकी आवाज घरों के अंदर तक साफ सुनाई देती है। कई बार रात 12 से 1 बजे के बाद भी इलाके में युवक-युवतियों की भीड़ रहती है। कुछ लोगों ने नशे से जुड़ी गतिविधियां होने की भी बात कही है। ऐसे माहौल से महिलाएं और बच्चे भी खुद को असहज महसूस करते हैं।

इसके अलावा लोगों का आरोप है कि कई डगह से सड़कें टूटी हुई हैं जिस वजह से बारिश के मौसम में परेशानी दोगुना हो जाती है। साथ ही सफाई से संबंधित भी निवासियों की शिकायत है। लोगों ने रिहायशी क्षेत्र में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों की जांच, पार्किंग व्यवस्था सुधारने, सड़कों की मरम्मत, नियमित सफाई और देर रात होने वाली गतिविधियों पर निगरानी की मांग की है।

समाधान नहीं हुआ तो चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

लगातार शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों ने अब चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि अगर इसी महीने उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आगामी निकाय चुनाव में मतदान नहीं करेंगे। निवासियों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। उनका दावा है कि अगर प्रशासन समय रहते पार्किंग, व्यावसायिक गतिविधियों, सफाई, सड़क और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं पर ठोस कदम उठाता है तो स्थिति सुधर सकती है।

Also Read
View All
जयपुर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, माइक्रोलाइट विमान से टकराई ग्राउंड हैंडलिंग गाड़ी, पायलट और ट्रेनी सुरक्षित

Rajasthan: क्रिकेट मैच को लेकर हुए विवाद में खूनी संघर्ष, मचा बवाल, गुस्साए लोगों ने 7 घंटे तक किया थाने का घेराव

राजस्थान में निकाय चुनाव के लिए 10,245 वार्डों की ‘आरक्षण लॉटरी’ जारी, जयपुर सहित पूरे राज्य में बदला चुनावी गणित

राजस्थान सरकार की ‘ट्रांसफर लिस्ट’ पर बड़ी गफलत, आदेश जारी होने के तुरंत बाद लिए वापस, जानें क्या थी बड़ी वजह

राजस्थान में सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक, CJP के आशुतोष रांका ने कहा- स्कूल ठीक करो या हमें गिरफ्तार करो