11 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan: क्रिकेट मैच को लेकर हुए विवाद में खूनी संघर्ष, मचा बवाल, गुस्साए लोगों ने 7 घंटे तक किया थाने का घेराव

Cricket Match Dispute: चौमूं के वीर हनुमान मार्ग स्थित खेल स्टेडियम में रविवार को क्रिकेट खेलने की बात को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। समुदाय विशेष के युवकों ने एक युवक पर धारदार हथियार, सरिया, पाइप, डंडे और क्रिकेट बैट से हमलाकर उसे घायल कर दिया।
2 min read
Google source verification
cricket match dispute

धरने पर बैठे लोगों से समझाइश करती पुलिस। फोटो: पत्रिका

जयपुर। चौमूं के वीर हनुमान मार्ग स्थित खेल स्टेडियम में रविवार को क्रिकेट खेलने की बात को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। समुदाय विशेष के युवकों ने एक युवक पर धारदार हथियार, सरिया, पाइप, डंडे और क्रिकेट बैट से हमलाकर उसे घायल कर दिया। हमले में शहर के तोबड़ों की ढाणी निवासी अशोक सैनी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर, गर्दन, चेहरे व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई है। पुलिस ने शहर के राजकीय उप जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार जारी है।

थाना प्रभारी हरबेन्द्र सिंह ने बताया कि पीड़ित अशोक सैनी पुत्र गोपाललाल सैनी निवासी तोबडा की ढाणी वार्ड नंबर 3 चौमूं ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि वह सुबह करीब 11 बजे अपने छोटे भाइयों के साथ स्टेडियम में क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान क्रिकेट मैच में पहले खेलने को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया। इसके बाद करीब 15-20 युवकों ने एकराय होकर उस पर हमला कर दिया। उसने हमले के दौरान सोने की चेन और 1300 रुपए छीनने का आरोप भी लगाया है।

घटना में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन व अन्य लोग दोपहर करीब 12 बजे थाने पहुंचे। इसके बाद शाम सात बजे तक डटे रहे और आरोपियों के गिरफ्तार की मांग करते रहे। सूचना पाकर एसीपी कृष्णराज जांगिड़ ने थाने पहुंचकर परिजनों व लोगों के साथ
समझाइश की, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद रालोपा प्रदेश महामंत्री छुट्टन यादव, डॉ. जेपी सैनी भी थाने पहुंचे।

7 घंटे बाद धरना खत्म

शाम करीब सात बजे पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने थाने पहुंचकर परिजनों व लोगों से थाना प्रभारी सिंह के समक्ष बातचीत कर आरोपियों की सोमवार शाम तक गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। तब जाकर मामला शांत हुआ और धरना समाप्त किया। पुलिस थाने में पूर्व भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष श्याम शर्मा, माली समाज के अध्यक्ष हीरालाल सैनी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष बाबूलाल सैनी भी मौजूद रहे।

एक युवक डिटेन, अन्य की तलाश

मामले में पुलिस ने एक युवक को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई बजरंगलाल को सौंपी है। एसीपी कृष्णराज जांगिड़ ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसीपी ने पूरे मामले की मॉनिटरिंग करते हुए पुलिस टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।