जयपुर

‘ये जनादेश राजस्थान का नहीं, देश के हर गाँव की आवाज़ है’, Congress की बढ़त पर राहुल गांधी गदगद, BJP को लेकर क्या कहा?

Rajasthan Panchayat Election Result 2026: राजस्थान पंचायतीराज चुनाव 2026 में कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन पर राहुल गांधी ने जताया ग्रामीण मतदाताओं का आभार, 'डबल इंजन' सरकार पर साधा निशाना। पढ़ें चुनावी नतीजों का पूरा गणित।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 9:16 AM IST
Rahul Gandhi Praises Congress Victory Rajasthan Panchayat Election Results 2026 Zila Parishad Panchayat Samiti
Rahul Gandhi Praises Congress Victory in Rajasthan Panchayat Election

राजस्थान के पंचायतीराज चुनाव 2026 के नतीजों ने प्रदेश की ग्रामीण राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणामों में कांग्रेस के मजबूत प्रदर्शन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ग्रामीण मतदाताओं का धन्यवाद करते हुए इन नतीजों को भाजपा के 'डबल इंजन' के खिलाफ जवाब करार दिया है।

'ये जनादेश राजस्थान का नहीं, देश के हर गाँव की आवाज़ है'

राजस्थान कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट को रीट्वीट करते हुए राहुल गांधी ने अपनी प्रतिक्रिया में लिखा: "राजस्थान के ग्रामीण भाइयों-बहनों का दिल से धन्यवाद। पंचायत चुनाव में आपने कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है, वो अब हमारी ज़िम्मेदारी है। ये जवाब BJP की अपनी सरकार वाले राज्य से आया है - सीधे "डबल इंजन" को। BJP ने मनरेगा पर हमला किया, किसान को घाटे में डुबोया, पंचायतों के अधिकार छीने। महंगाई, बेरोज़गारी और पलायन ने गाँव सूने कर दिए। गाँव सब देख रहा था, सह रहा था। अब उसने बोल दिया है। ये सिर्फ़ राजस्थान का जनादेश नहीं - देश के हर गाँव की आवाज़ है।"

'बम्पर जीत' और 'जनता का गुस्सा': राजस्थान कांग्रेस

राहुल गांधी की प्रतिक्रिया से पहले राजस्थान कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इन नतीजों को लेकर लिखा कि प्रदेश के पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस ने जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। पार्टी ने इसे मौजूदा शासन के खिलाफ लोगों की नाराजगी का संकेत बताते हुए कार्यकर्ताओं को बधाई दी और आगे की लड़ाई का आह्वान किया।


कांग्रेस ने लिखा, ''प्रदेश के पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस ने झंडे गाड़ दिए हैं। जनता ने कांग्रेस को पूर्ण बहुमत के साथ बम्पर जीत दिलाई है। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस की तूती बोली है। ये नतीजे राजस्थान में BJP के भ्रष्टाचार और जंगलराज से निराश लोगों के गुस्से का जीता-जागता सबूत हैं। जीत की ये लहर अब आंधी बनेगी और BJP की तानाशाह और जनविरोधी सरकार को प्रदेश से उखाड़ फेंकेगी। जय कांग्रेस - विजय कांग्रेस''

चुनावी नतीजों की तस्वीर: जिला परिषद और पंचायत समितियों का गणित

राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों और मतगणना के रुझानों के अनुसार, 37 जिलों की जिला परिषदों (1,275 वार्ड) और 419 पंचायत समितियों (7,543 वार्ड) के लिए कुल 29,177 उम्मीदवार मैदान में थे और 2 करोड़ 48 लाख 63 हजार 783 मत डाले गए:

जिला परिषदों की स्थिति: उपलब्ध रुझानों और नतीजों के अनुसार 37 जिला परिषदों में से कांग्रेस 27 के आसपास बढ़त या बहुमत की स्थिति में नजर आई, जबकि भाजपा करीब 9 जिलों और अन्य/आरएलपी कुछ क्षेत्रों में आगे रही।

पंचायत समितियों का रुझान: पंचायत समितियों में भी कांग्रेस करीब 269 से अधिक स्थानों पर प्रधान बनाने की स्थिति में दिखी, जबकि भाजपा का आंकड़ा 73 के आसपास सिमटता नजर आया और कई जगह निर्दलीय व अन्य दलों की भूमिका अहम रही।

मतगणना प्रक्रिया और अंतिम आंकड़ों के साथ ही अब प्रदेशभर में जिला प्रमुख और प्रधान पदों के चुनाव व बोर्ड गठन को लेकर राजनीतिक जोड़-तोड़ और सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।