
जयपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के शनिवार को जयपुर में प्रस्तावित रोड शो और कार्यक्रम स्थल को गुरुवार को अंतिम रूप दे दिया गया। हालांकि अभी मंदिर दर्शन को लेकर ‘ग्रहण’ लगा हुआ है। राहुल के मंदिर जाने को लेकर प्रदेश कांग्रेस के नेता और एसपीजी की ओर से कुछ नहीं बताया जा रहा, लेकिन 11 को पडऩे वाले ग्रहण को देखते हुए कांग्रेस राहुल का मंदिर ले जाने या नहीं ले जाने को लेकर धर्माचार्यों से गुपचुप राय मशविरा जरूर कर रही है। ऐसे में अभी तक मंदिर दर्शन के निर्णय पर ‘ग्रहण’ ही लगा हुआ है। एक दिन पहले तक रोड को लेकर बने असमंजस के बाद गुरुवार को एसपीजी और पुलिस ने कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ 13 किमी लंबे रूट का अवलोकन किया और कांग्रेस की ओर से तय रूट में मामूली फेरबदल कर शाम को अंतिम रूप दे दिया गया। सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी दोपहर बारह बजे के बाद जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और यहां राजस्थानी परम्परा के अनुसार जोरदार स्वागत के बाद रोड शो आगे बढ़ेगा। राहुल करीब तीन घंटे के इस रोड शो के बाद रामलीला मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। सभा में प्रवेश को लेकर कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ताओं को पास जारी किए जा रहे हैं। विधायक, सांसद व अन्य बड़े नेताओं का पास पीसीसी से जारी होंगे, जबकि अन्य को सभा स्थल पर काउंटर से ही जारी किए जाएंगे।
यह रहेगा रूट
एयरपोर्ट से जवाहर सर्किल, फोर्टिस अस्पताल से एसएल रोड होते हुए टोंक रोड, गोपालपुरा पुलिया के नीचे होते हुए टोंक फाटक लक्ष्मी मंदिर तिराहा, रामबाग सर्किल, नारायण सिंह तिराहे से तीन मूर्ति सर्किल और रामनिवास बाग होते हुए न्यू गेट रामलीला मैदान।
बनाया कन्ट्रोल रूम
तैयारी व प्रदेशभर के पदाधिकारियों से सम्पर्क व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रदेश कार्यालय में महासचिव मुमताज मसीह के नेतृत्व में कन्ट्रोल रूम बनाया गया है। इसमें 18 वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।
बस पहुंची जयपुर
राहुल खुली बस में एयरपोर्ट से रवाना होंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यालय से बस गुरुवार को जयपुर पहुंच गई। बस को एसपीजी व शहर पुलिस के अधिकारियों ने भी देखा। लेकिन बस का एसी खराब होने के कारण शाम को ठीक कराने के लिए भेजा गया।
हेलमेट में नजर आएंगे कार्यकर्ता!
रोड शो के लिए जयपुर शहर कांग्रेस ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हेलमेट लगाने की अपील करना शुरू कर दिया है। दरअसल, यह कार्यक्रम शहर कांग्रेस के लिए शक्ति प्रदर्शन का कार्यक्रम बनता जा रहा। कांग्रेस पदाधिकारियों का मानना है कि जिस तरह पुलिस प्रशासन राहुल गांधी के रोड शो के लिए मार्ग तय करने में व्यवधान कर रहा है, उसे देखते हुए रोड शो के दौरान दुपहिया वाहन सवारों को हेलमेट लगाने की अपील की जा रही है। शहर पदाधिकारियों का मानना है कि आम जन में सकारात्मक संदेश भी जाएगा। शहर कांग्रेस का दावा है कि इस शो में करीब 2 हजार दुपहिया वाहन शामिल होंगे। शो में सबसे आगे युवक कांग्रेस और एनएसयूआइ के कार्यकर्ता व पदाधिकारी होंगे। पूर्व में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यक्रमों में बिना हेलमेल के रैलियां करने के मामले उठ चुके हैं।
पायलट, पांडे जुटे रहे तैयारियों में
तैयारी को लेकर प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर तैयारियों में जुटे रहे। प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डे व प्रदेश सह प्रभारी सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी प्रदेश कार्यालय व खासाकोठी में तैयारी करते दिखे। बताया जा रहा है कि शहर में स्वागत के लिए जिले के सभी 19 विधानसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। हर पॉइन्ट पर स्वागत के बाद भीड़ रोड शो में शामिल होती जाएगी। रोड शो में आगे मोटर साइकिल का काफिला चलेगा और पीछे वे ही वाहन चलेंगे, जिन्हें एसपीजी की ओर से अनुमति दी जाएगी। सूत्रों की मानें तो एसपीजी आगे मोटर साइकिलों के काफिले को लेकर भी आनाकानी कर रही है। कांग्रेस इस कार्यक्रम में 30 हजार पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के जुटने के लक्ष्य को लेकर चल रही है।