
जयपुर. मानसून की बारिश के वापस आने का इंतजार कर रहे राजधानी के लोगों को मंगलवार शाम को बारिश से मामूली राहत मिली। सुबह सूर्योदय के बाद मौसम को देखकर कुछ देर तक बारिश होने की आस लोगों को जगी। सुबह हुई इस बरसात से शहर का मौसम खुशनुमा हो गया। लोगों ने तेज गर्मी से राहत की सांस ली। लेकिन यह आस शहर के कुछ क्षेत्रों में हल्की फुहारों के साथ ही खत्म भी हो गई। वहीं उदयपुर और कोटा में भी देर शाम अच्छी बरसात हुई।
शाम को वैशाली नगर क्षेत्र में कुछ देर के लिए हल्की बारिश से यहां के लोगों को कुछ राहत मिली। लेकिन इस बीच दिन में शहर वासियों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। दिन का अधिकतम पारा 40.8 और रात का न्यूनतम पारा 30.6 डिग्री रहा। 44.8 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश में चूरू सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी व पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से तेज बारिश हो सकती है। वहीं 22 जिलों में 12 से 15 जुलाई के बीच भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इनमे अजमेर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तोडगढ़, दौसा, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, जालोर, जोधपुर, नागौर और पाली जिले शामिल हैं।
रात को मौसम हुआ खुशनुमा
हालांकि राजधानी में शाम आठ बजे के बाद हल्की फुहारों से मौसम खुशनुमा हो गया। इसके साथ ही कई जगहों पर बारिश का दौर देर रात तक जारी रहा। बारिश के कारण सड़क पर पानी भी भर गया। वैशालीनगर, सांगानेर, झालाना, मालवीय नगर सहित कई जगहों पर बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली। बुधवार और शुक्रवार को मौसम विभाग ने शहर में अच्छी बारिश का अनुमान भी लगाया है।
प्रदेश में अभी तेज गर्मी
अजमेर - 38.8, पिलानी - 41.2, कोटा - 38.7, डबोक उदयपुर - 35.0, बाड़मेर - 41.0, जैसलमेर - 41.4, जोधपुर - 40.9, बीकानेर - 43.0, चूरू - 44.8