
IMD Alert: फोटो-पत्रिका
जयपुर। राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान 'अर्णब' कमजोर होकर अवदाब में बदल गया है और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर सक्रिय है। इसके प्रभाव और नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की आशंका है। मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर के लिए 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम में इस बदलाव से दिन के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार 29 अक्टूबर को जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी इलाकों में मध्यम से तेज बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी आशंका है। मौसम के इस बदलाव के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की प्रबल संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है, जबकि किसानों को फसलों को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर के लिए अजमेर, अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक और डीडवाना-कुचामन में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मौसम की गतिविधियों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, हनुमानगढ़, जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर, फलोदी और श्रीगंगानगर के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में येलो अलर्ट है।
मौसम में आए बदलाव का असर सबसे अधिक अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों देखने को मिलेगा। इन इलाकों में कहीं-कहीं तेज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। हालांकि, सीमावर्ती जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। 31 अक्टूबर को भी पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि राज्य के शेष हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। इस दौरान बाड़मेर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
Updated on:
29 Oct 2026, 4:43 PM IST
Published on:
29 Oct 2026, 4:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.