
Rajasthan Rain Alert: जयपुर.भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र ने शुक्रवार रात 9 बजे तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी करते हुए राज्य के कई जिलों में अगले तीन घंटे के लिए तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। विभाग ने चूरू, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, सीकर, टोंक और सवाई माधोपुर सहित कुछ जिलों के लिए रेड वार्निंग जारी की है। इन क्षेत्रों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार की तेज हवाएं चलने, तीव्र मेघगर्जन, वज्रपात और मध्यम से तेज वर्षा होने की आशंका है।
वहीं वहीं जयपुर, अलवर, दौसा, करौली, श्रीगंगानगर, बीकानेर और डीडवाना-कुचामन, कोटपूतली-बहरोड, बूंदी सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने तथा बिजली गिरने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
जयपुर. राजस्थान में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने करवट ले ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में अगले तीन दिन तक मौसम का असर बना रहेगा।
मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक 12 जून को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन, 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी तथा हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। वहीं 13 और 14 जून को भी बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने तथा बिजली गिरने की घटनाओं से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
जयपुर. राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न चक्रवाती परिसंचरण तंत्रों के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में मेघगर्जन, तेज आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। शुक्रवार को राज्य का सर्वाधिक तापमान जैसलमेर में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकांश जिलों में आर्द्रता 20 से 40 प्रतिशत के बीच रही। जयपुर, बीकानेर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।