जयपुर

राजस्थान के 8 नए जिलों में किस पार्टी का बना जिला प्रमुख? भाजपा-कांग्रेस में कहां किसने मारी बाजी, देखें पूरी लिस्ट

राजस्थान जिला प्रमुख चुनाव में हर किसी की नजर राजस्थान के 8 नए जिलों के परिणामों पर भी थी।​ जानिए इन 8 जिलों में किसका पलड़ा भारी रहा।
4 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 9:07 PM IST
mamta gurhar or yashwant kanwar
फलोदी जिला प्रमुख यशवंत कंवर और ब्यावर जिला प्रमुख ममता गुर्जर

जयपुर। राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। प्रदेश के 41 में से 37 जिला परिषदों में जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जे को तस्वीर साफ हो गई है। चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने सबसे अधिक 24 जिला प्रमुख सीटों पर जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम किया, जबकि बीजेपी 10 सीटों पर कब्जा जमाने में सफल रही। वहीं बीएपी ने दो (बांसवाड़ और डूंगरपुर) जिलों में जिला प्रमुख चुनाव जीता।

हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने नागौर जिला प्रमुख पद पर जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई। चूरू जिला प्रमुख चुनाव में बड़ा उलटफेर हुआ। यहां बहुमत के बावजूद कांग्रेस जिला प्रमुख नहीं बना पाई। पूर्व नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह जिला प्रमुख बन गईं।

चूरू में बड़ा सियासी उलटफेर, राजेंद्र सिंह राठौड़ की बहू कनिका सिंह बनीं जिला प्रमुख (Photo-Patrika)

बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में निकिता डूडी ने बाजी मारी, जबकि ब्यावर में बहुमत के बाद भी भाजपा प्रत्याशी निर्मला देवी 1 वोट से हार गईं। ब्यावर में कांग्रेस की ममता गुर्जर ने जिला प्रमुख चुनाव जीता। जैसलमेर, सवाई माधोपुर और दौसा तीनों जिलों में कांग्रेस के निर्विरोध जिला प्रमुख बने। बीना बैरवा दौसा जिला प्रमुख, संतोष कुमारी जैसलमेर जिला प्रमुख और आशा बैरवा सवाई माधोपुर जिला प्रमुख बनीं।

राजस्थान के 8 नए जिलों में किसका पलड़ा भारी रहा

राजस्थान जिला प्रमुख चुनाव में हर किसी की नजर राजस्थान के 8 नए जिलों के परिणामों पर भी थी। इन 8 जिलों में बराबर की टक्कर रही। 4 जिलों बालोतरा, डीग, डीडवाना-कुचामन और खैरथल-तिजारा में भाजपा ने जीत दर्ज की। वहीं फलोदी, कोटपूतली-बहरोड़, सलूंबर और ब्यावर में कांग्रेस के जिला प्रमुख बने।

राजस्थान में जिला प्रमुख की कुल 41 सीटें हैं। फिलहाल 37 जिलों में ही जिला प्रमुख के चुनाव हो रहे हैं। शेष 4 करौली, कोटा, बारां और श्रीगंगानगर जिले में चुनाव परिणाम 17 दिसंबर को आएगा। इन 4 जिलों में मतगणना टालने जाने की मुख्य वजह मौजूदा जिला परिषदों और पंचायत समितियों का कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा होना है।

राजस्थान के 8 नए जिलों में जिला प्रमुख चुनाव का परिणाम

1. भाजपा प्रत्याशी सुशीला ने जीता बालोतरा जिला प्रमुख चुनाव

भाजपा प्रत्याशी सुशीला ने बालोतरा जिला प्रमुख चुनाव में जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस के फुलाराम भील को एक वोट से हराकर जिला प्रमुख पद पर कब्जा जमाया। बालोतरा जिला परिषद की कुल 31 सीटों में से भाजपा और कांग्रेस ने 12-12 सीटें जीतीं, जबकि आरएलपी के खाते में 7 सीटें आईं।

2. कांग्रेस की ममता गुर्जर होंगी ब्यावर जिला प्रमुख

राजस्थान के नए ब्यावर जिले की पहली जिला प्रमुख कांग्रेस की ममता गुर्जर बनीं। ब्यावर जिला परिषद के 27 वार्ड में से ममता को कुल 14 मत मिले। भाजपा की निर्मला गुर्जर को 13 मत मिले। ब्यावर जिला परिषद चुनाव में कुल 27 सीटों में से भाजपा ने 14, कांग्रेस ने 13 सीटों पर जीर्त की थी।

3. भाजपा की रेनू भगत सिंह डीग जिले की पहली जिला प्रमुख

डीग में बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस जिला प्रमुख की कुर्सी नहीं बचा सकी। जिला प्रमुख पद पर भाजपा की रेनू सिंह निर्वाचित हुईं। क्रॉस वोटिंग के बाद भाजपा प्रत्याशी रेनू सिंह को 22 वोट मिले। जिला परिषद में भाजपा के 10 सदस्यों के साथ रेनू सिंह 22 वोट मिले। जिनमें 4 निर्दलीय और एक बसपा के साथ क्रॉस वोटिंग में 7 वोट कांग्रेस के मिले।

4. भाजपा के बुधाराम गरवा चुने गए डीडवाना-कुचामन जिला प्रमुख

डीडवाना-कुचामन जिला प्रमुख चुनाव में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। भाजपा के बुधाराम गरवा और कांग्रेस की पूनम गोयल को 14-14 मत मिले, जबकि आरएलपी के शिवपाल को 7 वोट मिले। बराबरी के बाद लॉटरी से फैसला हुआ, जिसमें भाजपा के बुधाराम गरवा ने जीत दर्ज की और जिला प्रमुख चुने गए। डीडवाना-कुचामन जिला परिषद के कुल 35 वार्ड में से कांग्रेस ने 14, भाजपा ने 12 और RLP ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

5. कांग्रेस के रामनिवास यादव बने कोटपूतली-बहरोड़ के जिला प्रमुख

कोटपूतली-बहरोड़ जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रामनिवास यादव ने जीत दर्ज की। रामनिवास यादव को 20 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी बलवान सिंह यादव को 7 वोट मिले। रामनिवास यादव ने 13 वोटों से जीत हासिल की। कोटपूतली-बहरोड़ जिला में कांग्रेस के 20, भाजपा के 6 और एक निर्दलीय सदस्य है।

6. भाजपा इंद्रजीत यादव खैरथल-तिजारा के पहले जिला प्रमुख बने

भाजपा के इंद्रजीत यादव खैरथल-तिजारा के पहले जिला प्रमुख बने। कांग्रेस की अमिता चौधरी दूसरे स्थान पर रहीं। खैरथल-तिजारा जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को मिले 13 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी को 11 मत मिले। एक सदस्य ने मतदान नहीं किया। खैरथल-तिजारा परिषद के कुल 25 वार्ड में से भाजपा और कांग्रेस ने 10-10 सीटें जीतीं, जबकि बसपा के खाते में 2 सीटें आईं। 5 निर्दलीय जीते।

7. कांग्रेस की यशवंत कंवर बनीं फलोदी जिला प्रमुख

फलोदी जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की यशवंत कंवर ने जीत दर्ज की है। यशवंत कंवर को 21 मत मिले। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सरिता भादू को शिकस्त दी। यशवंत कंवर एमबीए तक पढ़ी हैं। फलोदी जिला परिषद चुनाव में कुल 23 वार्ड में से 21 वार्ड में जीतकर कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। भाजपा के खाते में दो सीटें मिली।

8. कांग्रेस की पुष्पा देवी होंगी सलूंबर की पहली जिला प्रमुख

सलूंबर की पहली जिला प्रमुख पुष्पा देवी होंगी। सलूंबर जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की पुष्पा देवी ने भाजपा उम्मीदवार लीला देवी मीणा को हराकर जीत दर्ज की। सलूंबर जिला परिषद में भाजपा के 9, कांग्रेस के 8 और BAP के 4 सदस्य हैं।

Rajasthan Zila Pramukh List: कहां कौन बना जिला प्रमुख

क्र.सं.जिला परिषदजीतने वाले प्रत्याशी और पार्टी
1अजमेरपूजा भंसाली- भाजपा
2अलवरअनिता मीना- कांग्रेस
3बालोतरासुशीला - भाजपा
4बांसवाड़ारीना- भारत आदिवासी पार्टी
5बाड़मेरगफूर अहमद- कांग्रेस
6ब्यावरममता गुर्जर - कांग्रेस
7भरतपुररानू वाला- कांग्रेस
8भीलवाड़ाकैलाश चन्द्र मीना- कांग्रेस
9बीकानेरनिकिता कर्वासरा- कांग्रेस
10बूंदीहंसा गुर्जर- कांग्रेस
11चित्तौड़गढ़रतनी देवी- कांग्रेस
12चूरूकनिका सिंह- भाजपा
13दौसाबीना- कांग्रेस (निर्विरोध)
14डीडवाना-कुचामनबुधाराम गरवा - भाजपा (लॉटरी से फैसला)
15डीगरेनू सिंह- भाजपा
16धौलपुरअनीशा सिंह- कांग्रेस
17डूंगरपुरअनुतोष रोत- भारत आदिवासी पार्टी (लॉटरी से फैसला)
18हनुमानगढ़रेणु- कांग्रेस
19जयपुरयशवीर शूरा- कांग्रेस
20जैसलमेरसंतोष कुमारी- कांग्रेस (निर्विरोध)
21जालोरआसुराम- कांग्रेस
22झालावाड़वर्षा झाला- भाजपा
23झुंझुनूंकोमल भंवरिया- कांग्रेस
24जोधपुरप्रमिला चौधरी- कांग्रेस
25खैरथल-तिजाराइन्द्रजीत यादव- भाजपा
26कोटपूतली-बहरोड़राम निवास- कांग्रेस
27नागौरपांचाराम- आरएलपी
28पालीसीता- भाजपा
29फलोदीयशवंत कंवर- कांग्रेस
30प्रतापगढ़हकरी कुमारी- भाजपा
31राजसमंदसुन्दर- कांग्रेस
32सवाई माधोपुरआशा देवी- कांग्रेस (निर्विरोध)
33सलूंबरपुष्पा कुमारी मीणा- कांग्रेस
34सीकरसुनीता गठाला- कांग्रेस
35सिरोहीगुमान सिंह- कांग्रेस
36टोंकअलका बैरवा- कांग्रेस
37उदयपुरहिम्मत सिंह झाला- भाजपा