जयपुर

Rajasthan Assembly Election 2023 : भाजपा का मिशन ‘सत्ता वापसी’, जानें नागौर में क्यों एकजुट हो रहे तमाम दिग्गज?

Rajasthan Assembly Election 2023 : दो दिन तक चलने वाले महत्वपूर्ण बैठकों में पार्टी मौजूदा परिस्थितियों की समीक्षा के साथ ही आगामी रणनीति पर मंथन कर एक रोडमैप तैयार करेगी। चुनावी वर्ष में होने वाली यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

2 min read
May 19, 2023
Rajasthan Assembly Election 2023 BJP Working Committee Nagaur Meeting

Rajasthan Assembly Election 2023 : भारतीय जनता पार्टी चुनावी वर्ष में 'मिशन मोड' पर है। सत्ता वापसी का टारगेट लेकर चल रही पार्टी के तमाम दिग्गज नेता आज नागौर के लाडनू में एकजुट हो रहे हैं। दो दिन तक चलने वाले महत्वपूर्ण बैठकों में पार्टी मौजूदा परिस्थितियों की समीक्षा के साथ ही आगामी रणनीति पर मंथन कर एक रोडमैप तैयार करेगी। चुनावी वर्ष में होने वाली यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

भाजपा की ओर से जारी हुए दो दिन के कार्यक्रम के अनुसार आज पहले दिन शाम 5 बजे प्रदेश कार्यकारिणी बैठक होगी, जबकि कल शनिवार को प्रदेश कार्यसमिति बैठक होगी। बैठकों में शामिल होने के लिए प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी नागौर के लाडनूं पहुंच रहे हैं। आज और कल होने वाली दोनों महत्वपूर्ण बैठकें लाडनूं के जैन विश्व भारती सभागार में होगी।

इन कार्यक्रमों को लेकर होगी चर्चा
भाजपा के प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार 30 मई को अपने 9 वर्ष पूर्ण करने जा रही है। भाजपा की ओर से प्रदेश में 30 मई से 30 जून तक एक माह का विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसमें सभी जिला मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

1 जून से 22 जून तक लोकसभा स्तरीय कार्यक्रमों के तहत सभी 25 लोकसभा क्षेत्रों में विशाल जनसभा आयोजित होंगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और सांसद सहित विधायक मौजूद रहेंगे। आगामी 25 जून को प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित होंगे।

चलता रहेगा बैठकों का दौर
आज प्रदेश कार्यकारिणी बैठक और 20 मई को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति बैठक में राजनीतिक-आर्थिक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। इसके बाद जिला कार्यसमिति बैठकों का आयोजन 22 व 23 मई को होगा। 25 व 26 मई को सभी मंडलों के स्तर पर कार्यसमिति बैठक होगी।

बदलाव की चर्चा भी ज़ोरों पर
प्रदेश कार्यकारिणी से पहले पदाधिकारियों में बदलाव की भी चर्चा जोरों पर है। सूत्रों के अनुसार सीपी जोशी के अध्यक्ष बनने के बाद बदलाव की चर्चा थी। बताया जा रहा है कि बदलाव को लेकर जोशी और संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर के बीच चर्चा भी हो चुकी है। इसमें युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और ओबीसी मोर्चा में बदलाव की संभावना सबसे ज्यादा बताई जा रही है।

Updated on:
19 May 2023 11:21 am
Published on:
19 May 2023 11:13 am