20 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

डिजिटल ठगी का नया जाल: लुभावना ऑफर देखकर क्लिक किया और खाता खाली

Rajasthan Police Alert: ‘Click’ करने से पहले सच्चाई ‘Check’ कर लो वरना पछताना पड़ सकता है। खोलने से पहले लिंक की जांच जरूर करें।
2 min read
Google source verification

जयपुर

image

MOHIT SHARMA

Sep 20, 2026

AI-generated-image-of-cyber-scam

AI-generated-image-of-cyber-scam

आजकल मोबाइल पर एक मैसेज आता है- “आपको 50 हजार का इनाम मिला है”, “आपकीगाड़ी का चालान कटा है, तुरंत पेमेंट करें”, “घर बैठे नौकरी पाओ, रोज 2000 कमाएं” या “पुराने नोट-सिक्के के बदले लाखों मिलेंगे”। दिल में एक खुशी सी होती है। बिना सोचे लिंक पर क्लिक कर देते हैं। और फिर जो होता है, वो कई परिवारों की रातों की नींद उड़ा देता है।

असली दिखने वाला नकली पेज

ये सिर्फ एक कहानी नहीं है। रोजाना हजारों आम लोग इसी फंदे में फंस रहे हैं। ठग अब बहुत स्मार्ट हो गए हैं। वो असली बैंक, असली सरकारी वेबसाइट या असली कंपनी जैसा दिखने वाला पेज बना देते हैं। एक क्लिक में आपका मोबाइल हैक हो जाता है या बैंक डिटेल चली जाती है।

ऐसे बिछाया जाता है, लुभावने ऑफर का जाल

सबसे पहले अट्रैक्टिव मैसेज आता है। कोई इनाम का लालच दिखाता है, कोई डराता है कि आपका अकाउंट ब्लॉक होने वाला है, कोई नौकरी या निवेश का सपना दिखाता है। जैसे ही आप लिंक पर क्लिक करते हैं, या तो नकली पेज खुलता है जहां आपसे ओटीपी, पासवर्ड या कार्ड डिटेल मांगी जाती है, या फिर आपके फोन में मालवेयर घुस जाता है। उसके बाद चुपके से पैसे निकलने लगते हैं। कई बार तो व्यक्ति को पता भी नहीं चलता कि कब उसका अकाउंट खाली हो गया।

आम आदमी कैसे शिकार बन रहा है

जयपुर, अजमेर, बीकानेर, सीकर… राजस्थान के कई शहरों में ऐसे केस लगातार आ रहे हैं। कोई ई-चालान के फर्जी लिंक पर क्लिक करके 1.40 लाख गंवा बैठा, कोई वर्क फ्रॉम होम के नाम पर पैसे ट्रांसफर करता रहा, कोई डिजिटल अरेस्ट के डर से करोड़ों निकाल बैठा। सबसे ज्यादा शिकार वे लोग हो रहे हैं जो थोड़ा-बहुत स्मार्टफोन चला लेते हैं लेकिन लिंक की सच्चाई चेक नहीं करते। बुजुर्ग तो और भी आसानी से फंस जाते हैं क्योंकि ठग उनके डर और अकेलेपन का फायदा उठाते हैं।

खुद को कैसे बचाएं

किसी भी अनजान नंबर या मैसेज से आए लिंक पर तुरंत क्लिक मत कीजिए। ऑफिशियल ऐप या वेबसाइट से ही चेक करें। प्राइवेट डिटेल, ओटीपी, यूजर आईडी-पासवर्ड कभी किसी से शेयर न करें। अगर कोई बहुत ज्यादा फायदे वाला ऑफर दिखे तो समझ जाइए कि ये झांसा है। और अगर कभी धोखा हो जाए तो घबराएं नहीं। तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। पहले एक घंटे में कार्रवाई सबसे अहम होती है।

राजस्थान पुलिस ने भी चेताया

राजस्थान पुलिस ने आम लोगों को डिजिटल दुनिया में सावधान रहने की बड़ी चेतावनी दी है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन दुनिया में हर चमकती चीज असली नहीं होती। एक सेकंड का सोचना आपके लाखों रुपए बचा सकता है। सावधान रहिए, सुरक्षित रहिए। अज्ञात लिंक या लुभावने ऑफर पर बिना सोचे-समझे भरोसा करना आपकी सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। डिजिटल दुनिया में ऑनलाइन सावधानी ही आपको ऑफलाइन परेशानी से बचा सकती है।

अनजान लिंक पर क्लिक मत करो

पुलिस ने सलाह दी है कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले सोचें। लिंक की जांच जरूर करें। फर्जी ऑफर, इनाम, जॉब या ई-चालान के नाम पर आने वाले मैसेज से सावधान रहें। प्राइवेट डिटेल्स कभी भी किसी से शेयर न करें।