जयपुर

Rajasthan Assembly Election: मतदान के लिए लगी लाइन, बाजार व पर्यटन स्थल बंद, नहीं खुली दुकानें, वापस लौटे पर्यटक

Rajasthan Assembly Election 2023: राजस्थान विभानसभा चुनाव मतदान को लेकर सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर लाइनें लगी। जयपुर के बाजार बंद रहे। सुबह से ही बाजारों में दुकानें नहीं खुली। सार्वजनिक अवकाश होने के चलते आज प्रदेश के पर्यटन स्थल और संग्रहालय भी बंद रहे। विश्वविख्यात हवामहल, आमेर महल, नाहरगढ़ फोर्ट सहित अन्य पर्यटक स्थल बंद रहे।
2 min read
• •
Nov 25, 2023
Rajasthan Assembly Election: बाजार व पर्यटक स्थल बंद, नहीं खुली दुकानें, वापस लौटे पर्यटक
Rajasthan Assembly Election: बाजार व पर्यटक स्थल बंद, नहीं खुली दुकानें, वापस लौटे पर्यटक

जयपुर। राजस्थान विभानसभा चुनाव मतदान को लेकर सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर लाइनें लगी। जयपुर के बाजार बंद रहे। सुबह से ही बाजारों में दुकानें नहीं खुली। सार्वजनिक अवकाश होने के चलते आज प्रदेश के पर्यटन स्थल और संग्रहालय भी बंद रहे। विश्वविख्यात हवामहल, आमेर महल, नाहरगढ़ फोर्ट, जंतर—मंतर सहित अन्य पर्यटक स्थल बंद रहे। राजधानी में पर्यटक बिना पर्यटन स्थल देखे ही लौट गए।

पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग ने एक दिन पहले ही पर्यटक स्थलों और संग्रहालयों को बंद रखने के आदेश जारी किए है। हालांकि राजधानी में घूमने आए पर्यटक सुबह हवामहल, आमेर महल और नाहरगढ़ फोर्ट देखने के लिए पहुंचे, लेकिन पर्यटन स्थल बंद होने के चलते उन्हें वापस लौटना पड़ा। विभाग के निदेशक महेन्द्र खड़गावत के अनुसार मतदान दिवस पर मताधिकार का उपयोग करने के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके चलते पर्यटन स्थल व संग्रहालयों को भी अवलोकनार्थ बंद रखा गया है।

नहीं खुले दुकान—प्रतिष्ठान
जयपुर व्यापार महासंघ के आह्वान पर व्यापारियों ने मतदान करने के लिए अपने दुकान व प्रतिष्ठान बंद रखे। शहर के चारदीवारी क्षेत्र के जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता, चांदपोल बाजार, एमआई रोड पर दुकानें बंद नजर आई। बाजारों में सुबह से ही दुकानें नहीं खुली। बाहरी बाजारों में मतदान का असर देखने को मिला, जो दुकानें खुली वहां भी पूरा स्टाफ नहीं पहुंचा। कुछ दुकानदार अपने ग्राहकों के वोट का निशान देखकर सामान देते नजर आए। कुछ व्यापारी लोगों से वोट देने की अपील भी करते नजर आए। बाहरी बाजारों में जयपुर व्यापार मंडल ने वोट देने के निशान दिखाने पर ही ग्राहकों को सामान देने की अपील की है।

5 फीसदी मतदान बढ़ाने का लक्ष्य
जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल ने बताया कि मतदान को लेकर जयपुर व्यापार महासंघ ने अन्य व्यापारिक संगठनों के साथ मिलकर आज बंद का आह्वान किया है। पूर्णतया जयपुर शहर के बाजार बंद है। व्यापारियों ने इस बार 5 फीसदी मतदान बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। इसे लेकर पहले से ही बाजारों में जागरूकता अभियान चला रखा है।

Published on:
25 Nov 2023 11:44 am