
Jaipur Rituraj Death Case (Patrika File Photo)
Jaipur Rituraj Death Case: राजधानी जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में पुलिस पूछताछ के लिए थाने लाए गए 19 वर्षीय युवक रितुराज की करीब 15 दिन तक चले इलाज के बाद सोमवार को मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे SMS अस्पताल रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उसकी जान चली गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए SMS अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। मृतक रितुराज मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के मंचल खुर्द का रहने वाला था।
मुहाना थाना प्रभारी मुकेश खराड़िया के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले रितुराज की मां ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस का कहना है कि रितुराज ने सोना उपलब्ध कराने के नाम पर दो अलग-अलग पार्टियों से पैसे लिए थे, लेकिन तय किए गए अनुसार सोना उपलब्ध नहीं कराया गया। इसी मामले में पूछताछ के लिए रितुराज को थाने लाया गया था।
थाना प्रभारी के मुताबिक, युवक की तबीयत थाने लाए जाने के समय से ही खराब थी। पूछताछ के दौरान उसने उल्टी भी की। इसके बाद पुलिस ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां हालत गंभीर होने पर उसे SMS अस्पताल भेजा गया। करीब 15 दिन उपचार के बाद सोमवार को उसकी मौत हो गई।
रितुराज की मौत के बाद उसकी मां हेमा ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि पुलिसकर्मियों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की थी। हेमा के अनुसार, गांव के एक युवक ने उन्हें फोन कर बेटे की हालत गंभीर होने की जानकारी दी थी। इसके बाद वह रात में ही गांव से जयपुर के लिए रवाना हो गईं। हेमा का कहना है कि अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने रितुराज को गंभीर हालत में देखा। उनके मुताबिक बेटा कोमा में था। उसकी हालत देखकर वह खुद भी बेहोश हो गई थीं।
मृतक की मां ने पुलिस पर दबाव बनाकर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने का आरोप लगाया है। हेमा का दावा है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें धमकी दी थी कि यदि उन्होंने FIR पर हस्ताक्षर नहीं किए तो उनके साथ भी उनके बेटे जैसी स्थिति की जाएगी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केस खत्म करने के लिए उनसे पैसों की मांग की गई। हेमा के अनुसार, SMS अस्पताल में तीन पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उनसे कहा था कि 8 लाख या 10 लाख रुपए ले लो और मामला खत्म कर दो। हालांकि, वह पुलिसकर्मियों के नाम नहीं जानतीं।
रितुराज की मौत के बाद शव SMS अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया होगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, पुलिस पर मृतक के साथ मारपीट करने और पैसे मांगने के लगाए गए आरोपों की जांच भी अहम होगी।
Updated on:
05 Oct 2026 06:41 pm
Published on:
05 Oct 2026 06:41 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
