जयपुर

चर्चाओं में रहने के लिए विधायकों ने उठाया यह कदम, कोई सदन में लाया हल, तो कोई आया साइकिल से

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
• •
Updated: 18 Jan 2019, 10:18 PM IST
shankar singh rawat
चर्चाओं में रहने के लिए विधायकों ने उठाया यह कदम, कोई सदन में लाया हल, तो कोई आया साइकिल से

जयपुर। विधानसभा का पहला सत्र हंगामेदार चल रहा है। राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक एक-दूसरे पर तीखे शब्दबाण चला रहे हैं। इसी बीच शुक्रवार को भाजपा विधायक शंकर सिंह रावत और कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास अपने—अपने अंदाज में सदन पहुंचे।

हल लेकर पहुंचे सदन में
दोपहर 12.43 पर कार्यवाही फिर से शुरू हुई तो विपक्ष के सदस्य हंगामा करते हुए वेल में पहुंचे। इसी बीच भाजपा के शंकर सिंह रावत हल लेकर वैल में आ गए। अध्यक्ष सीपी जोशी ने नेता प्रतिपक्ष को कहा कि यह नियमों का उल्लंघन है। आप खुद नियमों को देखते हुए इन्हें बाहर जाने के लिए कहें। यह देख शंकर सिंह रावत ने हल को अपनी सीट के पास रख दिया। अध्यक्ष ने उसे बाहर ले जाने के लिए कहा तब वे हल लेकर सदन से बाहर गए। रावत ने अपने कुरते पर किसानों का कर्ज माफ करो की मांग लिख रखी थी।

खाचरियावास फिर साइकिल से पहुंचे विधानसभा

सप्ताह में एक दिन साइकिल से कार्यालय पहुंचने के संकल्प के तहत परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास शुक्रवार को फिर साइकिल से विधानसभा पहुंचे। बोले, समस्याएं बढ़ रही हैं, जुमलों-नारों से आगे बढ़ें। हर व्यक्ति सप्ताह में एक दिन देश और अपने स्वास्थ्य के लिए समय निकालकर साइकिल का उपयोग करे तो ट्रैफिक, भीड़भाड़, प्रदूषण, पेट्रोल-डीजल की मंहगाई जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, साइकिल चलाने का आनन्द ही कुछ और है। साइकिल से बाईस गोदाम पुलिया पार की तो अनुभव हुआ कि यह दमखम वालों का ही काम है। भविष्य में एक दिन पैदल और एक दिन बाइक पर आने की भी योजना है।

Published on: