जयपुर

जयपुर: BJP महिला मोर्चा कार्यसमिति बैठक आज, पर ऐन वक्त पर ये चर्चा ज़ोरों पर

भाजपा महिला मोर्चा कार्यसमिति बैठक आज, दो दिवसीय बैठक में ज्वलंत मुद्दों पर होगी चर्चा, प्रदेश सह-प्रभारी व सांसद भारती बेन शियाल पहुंची जयपुर, गहलोत सरकार के खिलाफ पारित किया जाएगा प्रस्ताव, इधर प्रचार सामग्री में वसुंधरा की तस्वीर नदारद, समर्थक नाराज़  

2 min read
Jul 31, 2021

जयपुर।

प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा कार्यसमिति की बैठक आज जयपुर के मालवीय स्थित अणुविभा केंद्र पर बुलाई गई है। दो दिवसीय बैठक का उद्घाटन सत्र सुबह 11 बजे होगा जिसमें भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राजस्थान सह प्रभारी सांसद भारती बेन शियाल, राष्ट्रीय मंत्री डॉ अलका गुर्जर, राष्ट्रीय महिला मोर्चा उपाध्यक्ष पूजा कपिल, राष्ट्रीय महिला मोर्चा महामंत्री दीप्ति रावत भी मौजूद रहेंगी।

इनके अलावा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष अलका मूंदड़ा, सांसद दिया कुमारी, जयपुर शहर जिलाध्यक्ष राघव शर्मा, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर और विधायक अनीता भदेल भी बैठक के दौरान शामिल रहेंगे।

जानकारी के अनुसार महिला मोर्चा कार्यसमिति बैठक में राज्य की गहलोत सरकार की खामियों, महिलाओं के प्रति बढ़ते आपराधिक मामलों, सहित विभिन्न ज्वलंत मसलों पर चर्चा की जायेगी। साथ ही महिला मोर्चा की आगामी दिनों में कार्ययोजना को लेकर मंथन करके निर्णय लिए जाएंगे। दो दिन के मंथन के बाद रविवार दोपहर आयोजित समापन सत्र में राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया जाएगा।

तस्वीर से फिर वसुंधरा गायब
प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा कार्यसमिति की जयपुर में हो रही दो दिवसीय बैठक के लिए भाजपा की ओर से जारी हुई तस्वीर चर्चा का विषय बनी हुई है। दरअसल, पार्टी की ओर से प्रचार के लिए जारी तस्वीर में पूर्व मुख्यमंत्री व पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे नदारद हैं।

महिला मोर्चे के महत्वपूर्ण आयोजन में राजे की तस्वीर को शामिल नहीं किये जाने पर उनके समर्थकों की नाराज़गी देखि जा रही है। वसुंधरा समर्थित नेता-कार्यकर्ता अपनी नाराज़गी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर व्यक्त कर रहे हैं।

ट्रेन से जयपुर पहुंची शियाल
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व लोकसभा सांसद भारती शियाल शुक्रवार देर शाम ट्रेन से जयपुर पहुंची। जयपुर रेलवे स्टेशन पहुँचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष अलका मूंदड़ा और जयपुर सांसद रामचरण बोहरा मौजूद रहे।

Published on:
31 Jul 2021 09:39 am
Also Read
View All