जयपुर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सचिन पायलट ने दिया बड़ा बयान

www.patrika.com/rajasthan-news/
3 min read
• •
Updated: 3 Nov 2018, 8:39 AM IST
Sachin Pilot
Sachin Pilot

जयपुर. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि चुनाव आ गया है, अब भाजपा महंगाई और खाद-बीज की बात नहीं, धर्म-जाति की बातों को हवा देगी। उन्हें महंगाई से जूझ रही जनता से कोई सरोकार नहीं है। भाजपा नेता तो मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कुशासन पर पर्दा डालने के लिए कई प्रकार के भाषणों में जुमले देंगे, वादे करेंगे। उन्हें लग रहा है कि जनता पहले के जुमलों को भूल गई है।

लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी। कांग्रेस की ओर से भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के बीच रखा जाएगा। जिससे साफ होगा कि झूठे वादे करने वाली भाजपा सरकार के शासन में जनता कैसे त्रस्त रही। पायलट शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने सरकारी कार्यशैली और प्रदेश की घटनाओं को लेकर तैयार किए वीडियो भी मीडिया को दिखाए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के रिपोर्ट कार्ड में कांग्रेस बताएगी कि उनकी कार्य प्रणाली क्या रही? क्या काम किए? उनके काले सफेद कामों को जनता को एक प्लेटफार्म पर लाकर बताया जाएगा। वैसे रिपोर्ट कार्ड तो जनता बना रही है, कांग्रेस तो आइना दिखाने का काम करेगी। मुख्यमंत्री ने जिस प्रकार का घमण्ड और अहंकार दिखाया, उसका जवाब देने के लिए जनता अब तैयार है।

आज वसुंधरा राजे को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं रहा। टिकट प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही भाजपा के लोगों ने कहना शुरू कर दिया कि सौ विधायकों के टिकट काटे जाएंगे। लेकिन जनता तो अब भाजपा की विदाई का मन बना चुकी है। मुख्यमंत्री के घर-घर जाने और चाय पीने को लेकर कहा कि उनके चाय पीने या पकोड़े खाने से जनता वोट देने वाली नहीं, पिछले सालों के सरकार के कारनामे जनता को सब याद हैं।

सुप्रीम कोर्ट की ओर से मुख्यमंत्री और उनके बेटे दुष्यंत को नोटिस जारी किए जाने को लेकर कहा कि अभी इसकी ज्यादा जानकारी नहीं है, अध्ययन के बाद बताएंगे। तीसरे मोर्चे को लेकर कहा कि यहां कभी तीसरा-चौथा मोर्चा सफल नहीं रहा और ना ही अब रहेगा। राजस्थान में सिर्फ कांग्रेस का सीधा मुकाबला भाजपा से रहा है।

प्रधानमंत्री नहीं, चौकीदार चोर
प्रधानमंत्री को राहुल की ओर से चोर कहे जाने के सवाल पर पायलट ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री को राहुल गांधी ने कभी चोर नहीं कहा। चौकीदार को चोर कहा है। देश में बहुत चौकीदार हैं।

और भी बहुत कुछ : पायलट ने कहा कि मंदिर तोड़े जाने या फिर गायों की दुर्दशा का मुद्दा ही जयपुर में नहीं है। चोरी, डकैती, डकैतों की ओर से सामुहिक दुष्कर्म सहित ऐसे कई मुद्दे हैं, जिन्हें जनता को बताया जाएगा।

चुनाव बाद बताएंगे कारण: धौलपुर जिलाध्यक्ष अशोक शर्मा के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने के सवाल पर पायलट ने कहा कि इसकी मूल वजह तो वे चुनाव के बाद बताएंगे।

जन घोषणा पत्र: घोषणा पत्र कमेटी के अध्यक्ष हरीश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस का चुनाव घोषणा पत्र जन घोषणा पत्र होगा। ऐसे में वे अपने सुझाव टोल फ्री नंबर 9911448200 पर मैसेज, व्हाट्सएप, फेसबुक पेज, वीडियो भेजकर या फिर टेलीफोन अपने अंदेश रिकॉर्ड करा सकते हैं।

पाटी में शामिल: पायलट की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता अजमेर डेयरी के पूर्व चेयरमैन रामचन्द्र चौधरी, छात्रनेता रहे नरेश मीणा और अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य गुड्डू कादरी ने ग्रहण की।

गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा था कि कांग्रेस के सभी नेता मानसिक रूप से बीमार और कुंठित हैं। पायलट ने कहा कि देश के जिम्मेदारी पद पर बैठने वाले मंत्री को इस तरह की अशोभनीय बात नहीं बोलनी चाहिए। वैसे शेखावत की गलती भी नहीं है। राजनीति में आने के बाद पहली बार सांसद बने हैं। फिर जब दिवालियापन हो और अपने नेता पर विश्वास नहीं हो तो ऐसा होता है। जो मदनलाल सैनी कर रहे हैं, वो भी कर सकते थे। लेकिन सीएम ने उन्हें बयान तक सीमित कर दिया।

Published on: